अरामको दो चरण के आईपीओ के लिए तैयार

Summary :

सऊदी अरब की ऊर्जा क्षेत्र की दिग्गज कंपनी अरामको दो चरण के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए तैयार है।

अबू धाबी : सऊदी अरब की ऊर्जा क्षेत्र की दिग्गज कंपनी अरामको दो चरण के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए तैयार है। हालांकि, कंपनी ने कहा कि आईपीओ कब आएगा यह सरकार पर निर्भर करेगा। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अमीन नासिर ने संकेत दिया कि अरामको के शेयरों को विदेशी बाजारों में भी सूचीबद्ध कराया जा सकता है। 
नासिर ने विश्व ऊर्जा कांग्रेस के मौके पर संवाददाताओं से अलग से बातचीत में कहा कि अरामको एक बड़े आईपीओ की तैयारी में है लेकिन यह कब आएगा, इस पर सरकार निर्णय करेगी। उन्होंने कहा कि कंपनी के शेयर को स्थानीय स्तर पर सूचीबद्ध कराने के अलावा विदेशी बाजार में भी सूचीबद्ध कराया जाएगा। 
नासिर का यह बयान ऐसे समय आया है जबकि वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट में पिछले सप्ताह कहा गया था कि अरामको घरेलू बाजार के अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तोक्यो के बाजार में भी अपने शेयर सूचीबद्ध कराने पर विचार कर रही है।

Desk Team