बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) ने मंगलवार को एक बयान जारी कर पुष्टि की कि उसे 13 जुलाई की रात को एक अज्ञात आईडी से ईमेल के माध्यम से बम की धमकी मिली थी और एहतियाती उपाय के रूप में, एक्सचेंज ने अपने परिसर में सतर्कता और निगरानी बढ़ा दी है। आधिकारिक बयान में कहा गया कि इस विषय पर एफआईआर दर्ज करा दी गई है और सभी संबंधित अधिकारियों को धमकी वाले मेल के बारे में सूचित कर दिया गया है। एक्सचेंज ने बयान में आगे कहा, “संबंधित अधिकारियों द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। एक्सचेंज का संचालन अप्रभावित है और सामान्य रूप से जारी है।” बयान के अंत में बीएसई ने मुंबई पुलिस और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों को उनकी त्वरित प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद दिया।
बम की धमकी मिलने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आ गई
बीएसई को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिलने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आ गई थी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बीएसई को उसकी आधिकारिक मेल आईडी पर एक धमकी भरा ईमेल मिला था। ईमेल में दावा किया गया कि बीएसई टावर बिल्डिंग में चार आरडीएक्स आईईडी बम प्लांट किए गए हैं, जो दोपहर 3 बजे फटेंगे। धमकी भरे ईमेल प्राप्त होने के बाद बीएसई प्रशासन ने तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को इसकी जानकारी दी। सूचना के बाद बम स्क्वॉड की टीम और लोकल पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। इमारत को खाली कराया गया और पूरे परिसर की सघन तलाशी ली गई।
कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला
हालांकि, जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला। पुलिस के अनुसार, यह धमकी भरा ईमेल ‘कॉमरेड पिनाराई विजयन’ नाम की ईमेल आईडी से आया है। इससे पहले, 15 जून को मुंबई में अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास कार्यालय को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके बाद बीकेसी पुलिस स्टेशन को अलर्ट कर दिया गया था, जिसके बाद पुलिस और बम स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की जांच की। हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध सामान नहीं मिला था।


Download Android App
Download iOS App




