चीन और अमेरिका के बीच पिछले साल से चल रहे व्यापारिक तनाव को कम करने के लिए दोनों देश आंशिक समझौते पर पहुंच गए हैं। चीन के वाणिज्य उप मंत्री वांग शौवेन ने शुक्रवार को कहा कि दोनों पक्ष पहले चरण के समझौते पर पहुंच गए हैं, जिसमें तकनीक के आदान-प्रदान, बौद्धिक संपदा, व्यापार विस्तार और विवाद समाधान के लिए एक तंत्र की स्थापना शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, विवाद के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जो आरोप लगाए हैं, अमेरिका ने उन्हें खत्म कर दिया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट किया, “हम चीन के साथ पहले चरण के बहुत बड़े समझौते के लिए सहमत हुए हैं।” उन्होंने कहा, “वे कई ढांचागत बदलावों तथा कृषि उत्पादों, ऊर्जा और निर्मित वस्तुओं की खरीद के साथ-साथ अन्य सौदों पर सहमत हुए हैं।”
उन्होंने कहा, “हम दूसरे चरण के समझौते के लिए 2020 के चुनाव का इंतजार करने की अपेक्षा तत्काल वार्ता शुरू करेंगे। यह हम सबके लिए शानदार समझौता है।” वांग ने कहा कि समझौते पर हस्ताक्षर होने से पहले इसे दोनों देशों में कानूनी औपचारिकताओं से गुजारा जाएगा। उन्होंने हालांकि शुल्क घटाने या अमेरिका से कृषि उत्पाद खरीदने के अपने वादे के बारे में ज्यादा जानकारी देने से इंकार कर दिया।
बयान में कहा गया कि सौदा समानता और आपसी सम्मान के सिद्धांतों के आधार पर किया गया है और इसमें अमेरिका, चीन और दुनियाभर के लोगों के मूलभूत हित निहित हैं। दोनों देशों के बीच पिछले साल उपजे व्यापारिक तनाव से वैश्विक दुष्परिणाम आए थे।


Download Android App
Download iOS App



