अप्रैल में Electronics Export में 39.51% की वृद्धि, 3.69 अरब डॉलर पहुंचा

Summary :

जेम और ज्वेलरी निर्यात में 10.74% की उछाल दर्ज

अप्रैल में भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में 39.51% की वृद्धि दर्ज की गई, जो 3.69 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। इंजीनियरिंग, जेम और ज्वेलरी, रेडी-मेड गारमेंट्स, चावल और मरीन उत्पादों के निर्यात में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। कुल मिलाकर, भारत का गुड्स और सर्विसेज निर्यात 12.7% बढ़कर 73.80 अरब डॉलर हो गया है।

भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स गुड्स का निर्यात अप्रैल में 39.51 प्रतिशत बढ़कर 3.69 अरब डॉलर हो गया है, जो कि पिछले साल समान अवधि में 2.65 अरब डॉलर था। इलेक्ट्रॉनिक्स गुड्स के साथ इंजीनियरिंग गुड्स के निर्यात में दोहरे अंक में वृद्धि हुई है। यह 11.28 प्रतिशत बढ़कर 9.51 अरब डॉलर हो गया है, जो कि बीते साल अप्रैल में 8.55 अरब डॉलर था। वहीं, जेम और ज्वेलरी का निर्यात 10.74 प्रतिशत बढ़कर 2.5 अरब डॉलर हो गया है, जो कि पहले 2.26 अरब डॉलर था। रेडी-मेड गारमेंट्स का कारोबार भी अप्रैल माह में 14.43 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि के साथ 1.37 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जबकि पिछले वर्ष अप्रैल माह में यह 1.2 अरब डॉलर था।चावल निर्यात 13.63 प्रतिशत बढ़कर 1.08 अरब डॉलर हो गया है, जो कि पहले 0.95 अरब डॉलर था। मरीन उत्पादों का निर्यात 17.81 प्रतिशत बढ़कर 0.58 अरब डॉलर हो गया है, जो कि पहले 0.49 अरब डॉलर था। फार्मा निर्यात 2.37 प्रतिशत बढ़कर 2.49 अरब डॉलर हो गया है, जो कि पहले 2.43 अरब डॉलर था।

Gold Rate Today: सोना-चांदी का गिरा भाव, सोना 90 हजार तक पहुंचने की संभावना

अप्रैल में भारत का गुड्स निर्यात 9.03 प्रतिशत बढ़कर 38.49 अरब डॉलर हो गया है। वहीं, अप्रैल में आयात 19.12 प्रतिशत बढ़कर 64.91 अरब डॉलर हो गया है। भारत का सर्विस निर्यात अप्रैल में बढ़कर 35.31 अरब डॉलर हो गया है, जो कि पिछले साल अप्रैल में 30.18 अरब डॉलर था। वहीं, सर्विस आयात बढ़कर 17.54 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो कि अप्रैल 2024 में 16.76 अरब डॉलर था।

गुड्स और सर्विसेज को मिलाकर भारत का निर्यात अप्रैल में 12.7 प्रतिशत बढ़कर 73.80 अरब डॉलर हो गया है, जो कि पिछले साल 65.48 अरब डॉलर था। वहीं, देश की ओर से अप्रैल में कुल 82.45 अरब डॉलर के गुड्स और सर्विसेज का आयात किया है। वहीं, भारत का ट्रेड बैलेंस (-) 8.65 अरब डॉलर रहा है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.