Income Tax Changes Budget 2026: केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी 2026 को केंद्रीय बजट पेश करने जा रही हैं। हर साल की तरह इस बार भी आम जनता, खासतौर पर नौकरीपेशा और टैक्स देने वाले लोग, इनकम टैक्स से जुड़े बदलावों को लेकर उत्सुक हैं। लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि टैक्स कितना देना होगा और कौन सा टैक्स सिस्टम ज्यादा फायदेमंद रहेगा, पुराना या नया। पिछले कुछ सालों से सरकार ने नया टैक्स सिस्टम लागू किया है, जिससे टैक्सपेयर्स को दो विकल्प मिलते हैं। लेकिन अब चर्चा तेज है कि क्या भविष्य में पुराना टैक्स सिस्टम पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा।
Income Tax Changes Budget 2026: पुराने और नए टैक्स सिस्टम में क्या अंतर है
पुराने टैक्स सिस्टम में टैक्स स्लैब ज्यादा हैं, लेकिन इसके साथ कई तरह की छूट और कटौतियां मिलती हैं। इसमें 80C के तहत निवेश पर छूट, हेल्थ इंश्योरेंस पर 80D, होम लोन के ब्याज पर राहत, HRA, LTA और बैंक ब्याज पर छूट जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
वहीं नए टैक्स सिस्टम में टैक्स दरें कम रखी गई हैं और बेसिक टैक्स फ्री इनकम लिमिट ज्यादा है, लेकिन इसमें ज्यादातर छूट और कटौतियां नहीं मिलतीं। सरकार ने इसमें स्टैंडर्ड डिडक्शन और सेक्शन 87A जैसी राहतें जोड़कर इसे और आसान बना दिया है। अब करीब 12.75 लाख रुपये तक की सालाना आय पर टैक्स नहीं देना पड़ता। यानी महीने में लगभग एक लाख रुपये कमाने वाले व्यक्ति को शून्य टैक्स देना होता है।

Union Budget 2026 Income Tax: सरकार ने नया टैक्स सिस्टम क्यों शुरू किया
सरकार का मुख्य उद्देश्य टैक्स प्रक्रिया को सरल बनाना है। पहले टैक्स भरने में बहुत सारे दस्तावेज और हिसाब-किताब करना पड़ता था। ज्यादा छूट और नियमों के कारण सिस्टम जटिल हो गया था। 2020 के बजट में नया टैक्स सिस्टम इसी सोच के तहत पेश किया गया था, ताकि लोग बिना ज्यादा झंझट के आसानी से टैक्स भर सकें। धीरे-धीरे सरकार नए सिस्टम को ज्यादा फायदेमंद बनाती जा रही है, जिससे लोग खुद ही इसकी ओर आकर्षित हों।
New Tax Regime 2026: तेजी से बढ़ रही है नए सिस्टम की लोकप्रियता
टैक्स विशेषज्ञों के अनुसार, हाल के वर्षों में ज्यादातर लोग नया टैक्स सिस्टम चुन रहे हैं। आंकड़ों से पता चलता है कि 70 प्रतिशत से ज्यादा टैक्सपेयर्स अब इसी सिस्टम के तहत रिटर्न फाइल कर रहे हैं। सरकार ने पिछले कुछ बजटों में नए सिस्टम में टैक्स फ्री सीमा बढ़ाई है और अतिरिक्त राहतें भी दी हैं। इसी वजह से उम्मीद है कि आने वाले समय में इसे अपनाने वालों की संख्या और बढ़ेगी।

क्या पुराना टैक्स सिस्टम हो जाएगा बंद ?
फिलहाल सरकार पुराने टैक्स सिस्टम को तुरंत खत्म करने के मूड में नहीं दिखती। कई लोग लंबे समय से निवेश योजनाओं और होम लोन पर निर्भर हैं, जिन्हें पुराने सिस्टम में फायदा मिलता है। हालांकि विशेषज्ञ मानते हैं कि सरकार धीरे-धीरे पुराने सिस्टम को कम आकर्षक बनाकर नए सिस्टम को ही मुख्य विकल्प बना सकती है। दो अलग-अलग टैक्स सिस्टम होने से लोगों में भ्रम भी बना रहता है। कुल मिलाकर संकेत यही हैं कि भविष्य में नया टैक्स सिस्टम ही प्रमुख व्यवस्था बनेगा और पुराना सिस्टम समय के साथ खुद ही कम इस्तेमाल होने लगेगा।
यह भी पढ़ें: 1 फरवरी से महंगाई का डबल अटैक! LPG, CNG, पान-मसाला और FASTag होंगे महंगे


Download Android App
Download iOS App




