मुंबई : बंबई शेयर बाजार में सोमवार को लगातार आठवें कारोबारी सत्र में गिरावट का सिलसिला जारी रहा और सेंसेक्स 311 अंक लुढ़क गया। बैंक, एफएमसीजी, आईटी, वाहन और फार्मा कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली तथा विदेशी कोषों की निकासी से बाजार में गिरावट रही। बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 310.51 अंक या 0.87 प्रतिशत के नुकसान से 35,498.44 अंक पर आ गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 83.45 अंक या 0.78 प्रतिशत के नुकसान से 10,640.95 अंक पर बंद हुआ।
रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकान्त दास ने कहा है कि वह इस सप्ताह निजी और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक प्रमुखों के साथ बैठक करेंगे और उनसे नीतिगत दर में कटौती का लाभ ग्राहकों तक पहुंचाने के लिये कहेंगे। इससे बैंक शेयरों में गिरावट रही। केंद्रीय बैंक ने इसी महीने प्रमुख नीतिगत दर रेपो दर को 0.25 प्रतिशत घटाकर 6.25 प्रतिशत कर दिया। इसके बाद से एसबीआई सहित कुछ ही बैंकों ने अपनी ब्याज दर में मामूली 0.05 प्रतिशत की कटौती की है।
सेंसेक्स की कंपनियों में टीसीएस, यस बैंक, आईटीसी, सनफार्मा, रिलायंस, कोल इंडिया, एशियन पेंट्स, एसबीआई, मारुति, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचसीएल टेक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर 2.91 प्रतिशत तक नीचे आ गए। वहीं दूसरी ओर ओएनजीसी, टाटा मोटर्स, एक्सिस बैंक, वेदांता, एनटीपीसी, इंडसइंड बैंक और एचडीएफसी के शेयर 1.48 प्रतिशत तक चढ़ गए। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप में 1.04 प्रतिशत तक की गिरावट आई।


Download Android App
Download iOS App



