केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री नितिन गडकरी मंगलवार को कहा कि पूंजी की उपलब्धता की समस्या से निपटने के लिए आर्थिक रूप से सशक्त और व्यावसायिक तौर पर सफल छोटे उद्योगों को जल्दी ही शेयर बाजारों में सूचीबद्ध किया जा सकता है।
गडकरी ने यहां ‘16 वें ग्लोबल एसएमई बिजनेस समिट 2019’ के उद्घाटन सत्र में कहा कि सरकार छोटे उद्योगों को पूंजी उपलब्ध कराने के लिए नया कदम उठा सकती है। आर्थिक रूप से सशक्त और व्यावसायिक तौर पर सफल छोटे उद्योगों को शेयर बाजारों में सूचीबद्ध किया जा सकता है। इससे ये उद्योग भी बाजार से पूंजी जुटा सकेंगे। उन्होंने कहा कि उनका मंत्रालय शीघ, ही वित्त मंत्रालय को इस आशय का प्रस्ताव भेजने की तैयारी कर रहा है।
पेट्रोल, डीजल वाहनों पर ‘ब्रेक’ की जरूरत नहीं : नितिन गडकरी
उन्होंने कहा कि मध्यम या लघु श्रेणी के उद्योगों को शेयर बाजार से पूंजी की अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा बाजार से जुटायी गयी पूंजी का लगभग 10 प्रतिशत हिस्सा सरकार देगी। सम्मेलन में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्रालय में सचिव अरुण कुमार पांडा भी मौजूद थे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छोटे उद्योगों की पुरानी समस्याओं के समाधान की दिशा में सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इन उद्योगों को आवश्यक सहायता दी जाएगी ताकि सकल घरेलू उत्पाद में इनका योगदान तथा रोजगार सृजन के रूप में इनकी पूरी संभावनाओं का उपयोग किया जा सके।
विश्व स्तरीय सम्मेलन में दुनिया के छोटे कारोबारी भाग ले रहे हैं। ये कारोबारी पूर्वी एशिया, यूरोप, अफ्रीका और दक्षिण अमेरिका से हैं। सम्मेलन में छोटे कारोबार के लिए आवश्यक सस्ती पूंजी, प्रौद्योगिकी और तकनीक पर चर्चा हो रही है। इसके अलावा दो दिन तक चलने वाले इस सम्मेलन में प्रतिस्पर्धा, नवाचार, विकास, ई. कॉमर्स तथा भागीदारी पर भी विचार-विमर्श होगा।
सूत्रों के अनुसार इस सम्मेलन से भारतीय उद्योगों को वैश्विक बाजार से जुड़ने का मौका मिलेगा और वे वैश्विक कारोबारियों के साथ अपने अनुभव साझा कर सकेंगे। सम्मेलन में देश-विदेश के लगभग 400 कारोबारी हिस्सा ले रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



