नई दिल्ली : सार्वजनिक क्षेत्र की आयल एंड नेचुरल गैस कारपोरेशन (ओएनजीसी) ने अपने छोटे एवं दूरदराज के 64 फील्डों से तेल एवं गैस उत्पादन बढ़ाने को लेकर भागीदारी को इच्छुक कंपनियों से प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं। कंपनी ने एक बयान में कहा कि इन 64 फील्ड का ठेका देने के लिए इन्हें 17 स्थलीय अनुबंध क्षेत्र में रखा गया है। इसमें कुल मिलाकर 30 करोड़ टन तेल एवं तेल समतुल्य प्राकृतिक गैस के भंडार होने का अनुमान है।
ओएनजीसी ऐसे भागीदार चाहती है जो पहले से तय एक न्यूनतम सीमा से अधिक तेल/गैस की निकाली कर सकें। कंपनी बढ़े हुए उत्पादन की आय में उनको हिस्सा देगी। बयान के अनुसार, ‘ओएनजीसी की पेशकश में तेल एवं गैस की बिक्री के विपणन और कीमत में पूरी आजादी की बात शामिल है। इसमें प्रतिस्पर्धी आधार पर बाजार के हिसाब से कीमत तय करने की छूट देने की बात कही गयी है।’ इसमें कहा गया है कि अनुबंधकर्ता का चयन आय साझेदारी आधार पर किया जाएगा। ‘सामान्य व्यापार परिदृश्य में आय का बंटवारा निर्धारित आधार सीमा से अधिक उत्पादन होने पर किया जाएगा।’
अनुबंध अवधि 15 साल के लिये होगी। इसमें पांच साल की समयसीमा बढ़ाने का विकल्प होगा। ओएनजीसी ने उत्पादन वृद्धि अनुबंध (पीईसी) के तहत इसमें रूचि रखने वाली उन कंपनियों से बोली आमंत्रित की है जो उत्पादन बढ़ाने के लिये प्रौद्योगिकी ला सकते हैं। कंपनी 17 सितंबर को बोली पूर्व बैठक करेगी और बोली 20 दिसंबर 2019 को बंद होगी। बोली पूर्व बैठक ओएनजीसी के नयी दिल्ली स्थित कारपोरेट कार्यालय में होगा।


Download Android App
Download iOS App



