एयरटेल ने कोलकाता में बंद की 3जी सेवा

Summary :

भारती एयरटेल ने कोलकाता में 3 जी सेवा बंद करने की घोषणा की। यह कदम देश में तीसरी पीढ़ी की मोबाइल प्रौद्योगिकी को 4 जी से बदलने के लिए उठाया गया है।

नई दिल्ली : दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल ने शुक्रवार को कोलकाता में 3 जी सेवा बंद करने की घोषणा की। यह कदम देश में तीसरी पीढ़ी की मोबाइल प्रौद्योगिकी को 4 जी से बदलने के लिए उठाया गया है। भारती एयरटेल के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (सीटीओ) रणदीप सेखों ने बयान में कहा कि हमारी योजना देशभर में सभी 3 जी स्पेक्ट्रम को बदलने की है और उनकी जगह पर चरणबद्ध तरीके से 4 जी प्रौद्योगिकी लगाई जा रही है। 
कोलकाता में एयरटेल 4 जी सेवा के लिए 900 मेगाहर्ट्ज आवृति के बैंड का इस्तेमाल करेगी। इसका इस्तेमाल पहले 3 जी के लिए होता था। उन्होंने कहा कि एयरटेल ने अपने 4 जी नेटवर्क को मजबूत करने के लिए 3 जी में उपयोग हो रहे 900 मेगाहर्ट्ज का पुनर्वितरण किया है। 
कंपनी 900 मेगाहर्ट्ज बैंड में अत्याधुनिक एल 900 प्रौद्योगिकी को लगा रही है। यह 2300 मेगाहर्ट्ज और 1800 मेगाहर्ट्ज बैंड में 4 जी सेवा के पूरक है। एयरटेल का दावा है कि एल 900 प्रौद्योगिकी के साथ उसके स्मार्टफोन ग्राहक बेहतर 4 जी सेवा का लाभ उठा सकेंगे।

Desk Team