पेट्रोल के दाम में एक महीने बाद उपभोक्तओं को मामूली राहत मिली है। तेल विपणन कंपनियों ने पांच नवंबर 2019 के बाद पहली बार शुक्रवार को पेट्रोल के दाम में दिल्ली में पांच पैसे, कोलकाता में सात पैसे जबकि मुंबई और चेन्नई में सात पैसे प्रति लीटर की कटौती की। वहीं, डीजल के दाम में लगातार सातवें दिन स्थिरता बनी रही।
इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल का दाम घटकर क्रमश: 74.86 रुपये, 77.54 रुपये, 80.51 रुपये और 77.83 रुपये प्रति लीटर हो गया है। हालांकि चारों महानगरों में डीजल की कीमत बिना किसी बदलाव के क्रमश: 65.78 रुपये, 68.19 रुपये, 69 रुपये और 69.53 रुपये प्रति लीटर बनी हुई है।
उधर, अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में बीते दो दिनों की तेजी के बाद फिर नरमी का रुख बना हुआ था। इंटरकांटिनेंटल एक्सचेंज पर बेंचमार्क कच्चा तेल ब्रेंट क्रूड के फरवरी अनुबंध में शुक्रवार को बीते सत्र से 0.43 फीसदी की गिरावट के साथ 63.12 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार चल रहा था।


Download Android App
Download iOS App



