नई दिल्ली : गैर निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) के बढ़ते बोझ के कारण सार्वजनिक क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) को चालू वित्त वर्ष की 30 सितंबर को समाप्त दूसरी तिमाही में 4,532.35 करोड़ रुपये का घाटा हुआ। बैंक को पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 560.58 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।
बैंक द्वारा जारी वित्तीय परिणाम के आंकड़े के मुताबिक, दूसरी तिमाही में उसका सकल एनपीए 13.31 प्रतिशत से बढ़कर 17.16 प्रतिशत और शुद्ध एनपीए 8.44 प्रतिशत से बढ़कर 8.90 प्रतिशत हो गया। आलोच्य तिमाही में बैंक की कुल आमदनी 14,205.31 करोड़ रुपये से घटकर 14,035.88 करोड़ रुपये रह गयी।
हालांकि इस दौरान उसका कुल खर्च 10,926.23 करोड़ रुपये से बढ़कर 11,196.38 करोड़ रुपये हो गया। बैंक की कुल परिसंपत्ति गत तिमाही में 7,32,115.53 करोड़ रुपये से बढ़कर 7,62,949.78 करोड़ रुपये हो गया।


Download Android App
Download iOS App



