नई दिल्ली : वाणिज्य मंत्रालय ने आगामी बजट में सोने पर आयात शुल्क घटाने की मांग की है। रत्न एवं आभूषणों को बनाने-तराशने और निर्यात बढ़ाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। एक सूत्र ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने कहा कि वाणिज्य मंत्रालय ने वित्त मंत्रालय को बजट के लिए सुझावों में सोने से आयात शुल्क घटाने पर विचार करने को कहा है। पिछले बजट में सोने पर आयात शुल्क बढ़ाकर 12.5 प्रतिशत कर दिया गया।
रत्न एवं आभूषण निर्यात उद्योग ने इसे चार प्रतिशत रखने की मांग की है। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देश का सोना आयात चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-नवंबर अवधि में करीब सात प्रतिशत गिरकर 20.57 अरब डॉलर रह गया। वित्त वर्ष 2018-19 की इसी अवधि में यह आंकड़ा 22.16 अरब डॉलर था। सोने के आयात में कमी से देश के व्यापार घाटे को कम करने में मदद मिली। 2019-20 के अप्रैल-नवंबर में व्यापार घाटा कम होकर 106.84 अरब डॉलर रहा।


Download Android App
Download iOS App



