आर्थिक समीक्षा के मुताबिक वर्ष 2018-19 के दौरान रेल यात्रियों की संख्या में 1.85 प्रतिशत और माल ढुलाई में 5.34 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को वर्ष 2019-20 की आर्थिक समीक्षा को सदन के पटल पर रखा। वह शनिवार को अगले वित्त वर्ष 2020-21 के लिए आम बजट पेश करेंगी।
समीक्षा के मुताबिक 2018-19 के दौरान भारतीय रेलवे ने 120 करोड़ टन माल ढुलाई की और 840 करोड़ यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाया। इसके साथ ही भारतीय रेलवे दुनिया की सबसे बड़ी यात्री वाहक और चौथी सबसे बड़ी मालवाहक है। समीक्षा में कहा गया है कि “2018-19 के दौरान रेलवे ने 12,215 लाख टन माल ढुलाई की, जबकि 2017-18 के दौरान ये आंकड़ा 11,596 लाख टन था। इस तरह इसमें 5.34 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।”
समीक्षा में कहा गया कि “यात्रियों की संख्या 2018-19 में 84,390 लाख रही, जो 2017-18 में 82,858 थी। इस तरह इसमें पिछले साल के मुकाबले 1.85 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।” इसमें कहा गया कि रेलवे की सबसे बड़ी प्राथमिकता सुरक्षा थी और दुर्घटना रोकने के लिए लगातार उपाए किए गए और यात्रियों की सुरक्षा को बढ़ाया गया। इन उपायों के चलते 2018-19 के दौरान उल्लेखनीय रूप से रेल दुर्घटनाओं की संख्या 73 से घटकर 59 रह गई।
अप्रैल-अक्टूबर 2019 के दौरान 41 बड़ी रेल दुर्घटनाएं हुईं। स्वच्छता के बारे में राष्ट्रीय वाहक में सर्वेक्षण में कहा गया कि रेलवे ने दो अक्टूबर, 2014 से स्वच्छ भारत अभियान के तहत विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया। सर्वेक्षण में कहा गया है कि इसने 2.26 लाख से अधिक यात्री कोचों में बॉयो टॉयलेट स्थापित किए हैं, स्टेशनों की मशीनीकृत सफाई भी 31 अक्टूबर, 2019 तक 940 स्टेशनों तक बढ़ गई। यह मशीनीकृत सफाई 2018-19 में 890 स्टेशनों तक थी, जबकि 31 अक्टूबर, 2019 तक 215 स्टेशनों में प्लास्टिक क्रशिंग मशीन लगाई गई। क्रशिंग मशीन 2018-19 में 128 स्टेशनों पर थी। रेलवे ने स्टेशनों की सफाई के लिए राशि में भी बढ़ोतरी की।
सर्वेक्षण में आगे कहा गया है कि रेलवे ने आदर्श स्टेशन योजना के तहत 1,253 स्टेशनों की पहचान की है और इसके 2019-20 तक विकसित किए जाने की योजना है। इसमें कहा गया कि एक समर्पित विशेष उद्देश्य वाहन-इंडियन रेलवे स्टेशन डेवेलपमेंट कॉरपोरेशन (आईआरएसडीसी) लिमिटेड की स्थापना रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण के लिए की गई है।समीक्षा के मुताबिक 75 रेलवे स्टेशनों को ईएमएस (पर्यावरण प्रबंधन प्रणाली) (आईएसओ: 14001) प्रमाणपत्र मिले हैं।


Download Android App
Download iOS App



