एसबीआई कार्ड जल्द ही रुपे क्रेडिट कार्ड पेश करेगी। इससे घरेलू भुगतान नेटवर्क को व्यापक वृद्धि करने में मदद मिलेगी। मौजूदा समय में क्रेडिट कार्ड श्रेणी में अमेरिका की वीजा और मास्टरकार्ड भुगतान गेटवे कंपनियों का दबदबा है। रुपे को भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) ने विकसित किया है।
यह घरेलू तौर पर विकसित एक भुगतान गेटवे प्रणाली है जो यूपीआई, आईएमपीएस और भीम एप जैसे कई भुगतान विकल्प उपलब्ध कराती है। रुपे अपनी तरह की पहली घरेलू डेबिट और क्रेडिट कार्ड भुगतान प्रणाली है।
एसबीआई कार्ड के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी हरदयाल प्रसाद ने कहा, “हम जल्द ही (रुपे आधारित क्रेडिट कार्ड) पेश करने जा रहे हैं। एनपीसीआई के स्तर पर एक आखिरी समझौता होना बाकी रह गया है। मेरा मानना है कि यह एनपीसीआई इसे किसी भी दिन भेज सकता है और हम कुछ उत्पाद पेश करना जारी कर देंगे।”
हरदयाल प्रसाद ने विश्वास जताया कि रुपे क्रेडिट कार्ड को चालू वित्त वर्ष में पेश कर दिया जाएगा। रुपे बहुत लोकप्रिय होगा और हम देश में इसे बहुत आक्रामक तरीके से उपयोग करेंगे। उन्हें इस बात को लेकर कोई शक-शुबहा नहीं है। उन्होंने कहा कि देश में एक बड़ा राष्ट्रवादी वर्ग है जो रुपे कार्ड पर जोर दे रहा है। देश का सबसे बड़े स्टेट बैंक ऑफ इंडिया अपने एक तिहाई से भी ज्यादा कार्ड, रुपे कार्ड में जारी करता है।
प्रसाद ने कहा कि कंपनी अपने ग्राहकों को रुपे के साथ-साथ मास्टरकार्ड और वीजा कार्ड भी जारी कर सकती है विशेषकर उन्हें जो विदेश यात्रा करते हैं। अभी रुपे कार्ड सिंगापुर, भूटान में मान्य है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे हाल ही में संयुक्त अरब अमीरात में शुरू किया।


Download Android App
Download iOS App



