मुंबई : सार्वजनिक क्षेत्र का भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) एक नई सुविधा शुरू करने जा रहा है जिसमें बैंक के मोबाइल वॉलेट का इस्तेमाल कर एटीएम से पैसा निकाला जा सकेगा। हालांकि, मोबाइल वॉलेट के जरिये एटीएम से प्रत्येक निकासी के लिए बैंक 25 रुपये का शुल्क लेगा। इस बीच, एसबीआई ने मीडिया में आई इन खबरों का खंडन किया है कि उसने नियमित एटीएम लेनदेन पर सेवा शुल्क बढ़ाकर 25 रुपये कर दिया है। एसबीआई के प्रबंध निदेशक (राष्ट्रीय बैंकिंग) रजनीश कुमार ने पीटीआई भाषा से कहा कि सामान्य बचत खातों से एटीएम के जरिये निकासी पर सेवा शुल्क में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है।
कुमार ने कहा, ”यदि ग्राहक के पास हमारे मोबाइल वॉलेट एसबीआई बडी में पैसा है तो वह एटीएम से इसे निकाल सकता है। इसके अलावा ग्राहक अब मोबाइल वॉलेट से या मोबाइल वॉलेट में बिजनेस कॉरस्पॉन्डेंट (बीसी) के जरिये पैसा जमा कर सकता है या निकाल सकता है। इससे पहले ये सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं। बीसी के जरिये मोबाइल वॉलेट में 1,000 रुपये जमा कराने पर बैंक 0.25 प्रतिशत का सेवा शुल्क और सेवा कर लगाएगा। यह न्यूनतम 2 रुपये और अधिकतम 8 रुपये होगा। इसके अलावा एसबीआई बडी से बीसी के जरिये 2,000 रऊपये तक की निकासी पर लेनदेन के मूल्य का ढाई प्रतिशत सेवा शुल्क शुल्क (न्यूनतम छह रुपये) और सेवा कर लगाया जाएगा।
(भाषा)


Download Android App
Download iOS App



