एचडीएफसी बैंक, एलएंडटी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में गिरावट से शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 600 से अधिक अंक नीचे आ गया। नकारात्मक वैश्विक रुख से भी बाजार धारणा प्रभावित हुई। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबर में 617.10 अंक या 1.25 प्रतिशत के नुकसान से 48,599.42 अंक पर आ गया।
इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 201.35 अंक या 1.38 प्रतिशत के नुकसान से 14,356.50 अंक पर कारोबार कर रहा था। सेंसेक्स की कंपनियों में ओएनजीसी का शेयर करीब पांच प्रतिशत टूट गया। एलएंडटी, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति, एसबीआई, टाइटन, एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी तथा रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी नुकसान में थे।
वहीं दूसरी ओर कोटक बैंक, भारती एयरटेल और पावरग्रिड के शेयर लाभ में थे। पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 585.10 अंक या 1.17 प्रतिशत के नुकसान से 49,216.52 अंक पर और निफ्टी 163.45 अंक या 1.11 प्रतिशत के नुकसान से 14,557.85 अंक पर बंद हुआ था।


Download Android App
Download iOS App



