अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा अर्थव्यवस्था के पटरी पर लौटने को लेकर अनिश्चितता की बात कहने के बाद गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार में बिकवाली देखने को मिली और वित्तीय शेयरों के टूटने के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स 200 अंक से अधिक गिर गया।
इस दौरान 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 216.76 अंक या 0.55 प्रतिशत की गिरावट के साथ 39,086.09 पर कारोबार कर रहा था, जबकि एनएसई निफ्टी 44 अंक या 0.38 प्रतिशत गिरकर 11,560.55 अंक पर आ गया। सेंसेक्स में सबसे अधिक एक प्रतिशत की गिरावट आईसीआईसीआई बैंक में हुई। इसके अलावा एचडीएफसी बैंक, पावरग्रिड, बजाज ऑटो, कोटक बैंक, एक्सिस बैंक और एलएंडटी भी घाटे के साथ कारोबार कर रहे थे।
दूसरी ओर एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, एशियन पेंट्स, ओएनजीसी और इंफोसिस में तेजी थी। पिछले सत्र में सेंसेक्स 258.50 अंक या 0.66 प्रतिशत बढ़कर 39,302.85 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 82.75 अंक या 0.72 प्रतिशत चढ़कर 11,604.55 पर बंद हुआ। शेयर बाजार के अनंतिम आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को सकल आधार पर 264.66 करोड़ रुपये की इक्विटी खरीदी।
इसबीच प्रमुख एशियाई बाजार भी लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। वॉल स्ट्रीट पर भी प्रमुख शेयर बाजार घाटे के साथ बंद हुए। ब्रेंट क्रूड 0.90 फीसदी की गिरावट के साथ 41.84 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर था।


Download Android App
Download iOS App



