वैश्विक बाजारों से सकारात्मक संकेतों और एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और टीसीएस जैसे बड़े शेयरों में तेजी के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार के दौरान 200 अंकों से अधिक का उछाल देखने को मिला।
इस दौरान 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 228.56 अंक या 0.56 प्रतिशत बढ़कर 40,787.05 पर था, जबकि एनएसई निफ्टी 70.70 अंक या 0.59 प्रतिशत बढ़कर 11,967.15 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स में सबसे अधिक दो प्रतिशत की बढ़त टाटा स्टील में हुई।
इसके अलावा मारुति, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक और टीसीएस भी बढ़त में थे। दूसरी ओर इंफोसिस, एचसीएल टेक, एचयूएल और एशियन पेंट्स लाल निशान में थे। पिछले सत्र में सेंसेक्स 148.82 अंक या 0.37 प्रतिशत गिरकर 40,558.49 अंक पर, और एनएसई निफ्टी 41.20 अंक या 0.35 प्रतिशत गिरकर 11,896.45 पर बंद हुआ था।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने गुरुवार को सकल आधार पर 1,118.46 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। रिलायंस सिक्योरिटीज के प्रमुख (संस्थागत कारोबार) अर्जुन यश महाजन ने कहा कि वैश्विक बाजारों से सकारात्मक संकेतों को बीच घरेलू बाजार अच्छे दिख रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



