वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले वित्तीय शेयरों में गिरावट के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स में गुरुवार को शुरुआती कारोबार के दौरान 200 अंकों से अधिक की गिरावट हुई। इस दौरान 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 226.79 अंक या 0.52 फीसदी गिरकर 43,366.88 पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह एनएसई निफ्टी 60 अंक या 0.47 प्रतिशत फिसलकर 12,689.15 अंक पर आ गया। सेंसेक्स में सबसे अधिक तीन प्रतिशत की गिरावट इंडसइंड बैंक में हुई। इसके अलावा एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, कोटक बैंक, एसबीआई, एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर भी लाल निशान में थे।
दूसरी ओर एमएंडएम, सन फार्मा, इंफोसिस, एचयूएल और नेस्ले इंडिया बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। पिछले सत्र में सेंसेक्स 316.02 अंक या 0.73 प्रतिशत बढ़कर 43,593.67 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 118.05 अंक या 0.93 प्रतिशत की बढ़त के साथ 12,749.15 के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ।
विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध खरीदार बने रहे और शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक उन्होंने बुधवार को 6,207.19 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। रिलायंस सिक्योरिटीज में संस्थागत कारोबार के प्रमुख अर्जुन यश महाजन ने कहा कि बाजार को इस स्तर पर ठहराव मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने आगे कहा कि हालांकि सरकार द्वारा अतिरिक्त राजकोषीय प्रोत्साहन दिए जाने की उम्मीद के चलते बाजार की धारणा को बल मिल सकता है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण गुरुवार को मीडिया को संबोधित करने वाली हैं।


Download Android App
Download iOS App



