Share Market : शुरुआती कारोबार में Sensex 100 अंक से अधिक गिरा, Nifty 15,800 से नीचे

Summary :

सेंसेक्स में सबसे अधिक एक प्रतिशत की गिरावट एलएंडटी में हुई। इसके अलावा सन फार्मा, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक और कोटक बैंक भी गिरने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे।

विदेशी कोषों के लगातार बाहर जाने और एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एलएंडटी जैसे बड़े शेयरों में कमजोरी के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स शुक्रवार को शुरुआती कारोबार के दौरान 100 अंक से अधिक टूट गया। 
इस दौरान 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सूचकांक में पहले 150 अंकों से अधिक की तेजी देखी गई, हालांकि तुरंत बाद बाजार में बिकवाली हावी हो गई और खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स 141.67 अंक या 0.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 52,695.54 पर था।
दूसरी ओर व्यापक एनएसई निफ्टी 42.05 अंक या 0.27 प्रतिशत गिरकर 15,782 पर आ गया। सेंसेक्स में सबसे अधिक एक प्रतिशत की गिरावट एलएंडटी में हुई। इसके अलावा सन फार्मा, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक और कोटक बैंक भी गिरने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे। 
एचसीएल टेक, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील, टाइटन और मारुति में बढ़त हुई। पिछले सत्र में, सेंसेक्स 638.70 अंक या 1.22 प्रतिशत बढ़कर 52,837.21 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 191.95 अंक या 1.23 प्रतिशत बढ़कर 15,824.05 पर बंद हुआ। 
शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को सकल आधार पर 247.59 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.33 फीसदी की गिरावट के साथ 73.55 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

Desk Team