प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स गुरुवार को शुरुआती कारोबार के दौरान 150 अंकों से अधिक चढ़ गया, हालांकि बाद में नकारात्मक वैश्विक संकेतों और एक्सिस बैंक, टीसीएस तथा बजाज फाइनेंस जैसे बड़े शेयरों के कमजोर पड़ने के चलते इसमें गिरावट आई।
इस दौरान 30 शेयरों वाला बीएसई सूचकांक 53.09 अंक या 0.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ 49,849.55 पर और व्यापक एनएसई निफ्टी 48.45 अंक या 0.32 प्रतिशत की गिरावट के साथ 14,981.70 पर कारोबार कर रहा था। सेंसेक्स में सबसे अधिक दो प्रतिशत की गिरावट ओएनजीसी में हुई।
इसके अलावा सन फार्मा, एक्सिस बैंक, पावरग्रिड, बजाज फाइनेंस और नेस्ले इंडिया में लाल निशान में कारोबार हो रहा था। दूसरी ओर टाइटन, एमएंडएम, एलएंडटी, एशियन पेंट्स और आईसीआईसीआई बैंक हरे निशान में थे। पिछले सत्र में सेंसेक्स 290.69 अंक या 0.58 प्रतिशत की गिरावट के साथ 49,902.64 पर और निफ्टी 77.95 अंक या 0.52 प्रतिशत गिरकर 15,030.15 पर बंद हुआ था।
शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को सकल आधार पर 697.75 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.15 प्रतिशत बढ़कर 66.76 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।


Download Android App
Download iOS App



