मुंबई : बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 310 अंक उछलकर पहली बार 35,000 अंक के स्तर से ऊपर बंद हुआ। वहीं चौतरफा लिवाली से एनएसई निफ्टी भी अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। सरकार ने चालू वित्त वर्ष के लिये बाजार से अतिरिक्त कर्ज जुटाने के अनुमान को पहले के 50,000 करोड़ रुपये से कम कर 20,000 करोड़ रुपये कर दिया है जिससे राजकोषीय घाटा बढ़ने को लेकर आशंका कम हुई। इससे बाजार धारणा को बल मिला।
सरकार की इस घोषणा से बैंकों के शेयरों में खास तौर पर तेजी देखी गई। तीस शेयरों वाला सेंसेक्स 310.77 अंक या 0.89 प्रतिशत की बढ़त के साथ 35,000 अंक के स्तर को पार करता हुआ 35,081.82 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले, 15 जनवरी को सेंसेक्स का 34,843.51 अंक का सबसे ऊंचा स्तर रहा था। सेंसेक्स मात्र 17 कारोबारी सत्रों में 34,000 से 35,000 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स 26 दिसंबर को 34,000 अंक पर पहुंचा था।
नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 88.10 अंक या 0.82 प्रतिशत की बढ़त के साथ रिकार्ड 10,788.55 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले निफ्टी का 10,741.55 अंक का रिकार्ड उच्च स्तर था। कारोबार के दौरान निफ्टी ऊंचे में 10,803 अंक तक चला गया था। रिलायंस सिक्योरिटीज के राकेश तरवे ने कहा कि बैंक शेयरों में अच्छी लिवाली से सेंसेक्स नई ऊंचाई पर पहुंचा।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



