मुंबई : टाटा संस ने कहा कि राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) का साइरस मिस्त्री की याचिका खारिज करने का आदेश समूह के रुख की पुष्टि करता है और उसकी कंपनियों ने हमेशा निष्पक्ष तरीके से और शेयरधारकों के बेहतर हित में काम किया। एनएसएलटी, मुंबई ने टाटा संस के चेयरमैन पद से अक्तूबर 2016 में हटाए जाने के खिलाफ दाखिल की गई साइरस मिस्त्री की याचिका को खारिज कर दिया। आदेश का स्वागत करते हुए टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा कि यह फैसला समूह के रुख की पुष्टि करता है।
समूह की कंपनियों ने हमेशा शेयरधारकों के हित में काम किया है। टाटा समूह हमेशा से पारदर्शिता और बेहतर कंपनी संचालन को लेकर प्रतिबद्ध रहा है और यह प्रतिबद्धता बनी रहेगी। न्यायाधिकरण ने कहा कि उसने मिस्त्री की उन दलीलों को स्वीकार नहीं किया, जिसमें कहा गया था कि उनका निष्कासन निदेशक मंडल द्वारा गड़बड़ी करके किया गया है और यह अल्पांश शेयरधारकों का उत्पीड़न है। उल्लेखनीय है कि अक्तूबर 2016 में मिस्त्री को टाटा संस के चेयरमैन पद से हटा दिया गया था।


Download Android App
Download iOS App



