नई दिल्ली : विश्व के सर्वश्रेष्ठ मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) की सूची में देश के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी, इंडियन आयल कॉरपोरेशन (आईओसी) के चेयरमैन संजीव सिंह और ओएनजीसी के प्रमुख शशि शंकर शामिल हैं। सीईओवर्ल्ड पत्रिका ने 2019 में दुनिया के सबसे अधिक प्रभावशाली मुख्य कार्यकारियों की सूची जारी की है। इस सूची में दस भारतीय सीईओ शामिल हैं।
आर्सेलरमित्तल के चेयरमैन एवं सीईओ लक्ष्मी निवास मित्तल सबसे ऊंची रैंकिंग वाले भारतीय सीईओ हैं। हालांकि, उनकी कंपनी को लक्जमबर्ग की कंपनी के रूप में दर्शाया गया है। इस 121 वैश्विक सीईओ की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अंबानी 49वें, आईओसी के सिंह 69वें और ओएनजीसी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक शशि शंकर 77वें स्थान पर हैं।
इस सूची में जो अन्य भारतीय सीईओ शामिल हैं उनमें भारतीय स्टेट बैंक के चेयरमैन रजनीश कुमार (83वें), टाटा मोटर्स के सीईओ गुएंटर बटशेक (89वें), बीपीसीएल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक डी राजकुमार (94वें), राजेश एक्सपोर्ट्स के कार्यकारी चेयरमैन राजेश मेहता (99वें), टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के सीईओ राजेश गोपीनाथन और विप्रो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आबिदअली जेड नीमचवाला (118वें) स्थान पर हैं।
पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सीईओ की सूची को रीट्वीट किया है। पत्रिका ने कहा कि कि वॉलमार्ट के सीईओ डगलस मैकमिलन पहले स्थान पर हैं, जो हैरान करने वाली बात नहीं है। सऊदी अरामको के सीईओ अमीन एच नासिर इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। 2019 की वैश्विक सीईओ की सूची में बीपी के मुख्य कार्यकारी बॉब डुडले पांचवें, एक्सॉनमोबिल के सीईओ डेरन वुड्स छठे, फॉक्सवैगन के सीईओ हरबर्ट डिएस सातवें स्थान पर हैं।


Download Android App
Download iOS App



