वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख के बीच शेयर बाजारों में मंगलवार को सात कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट के सिलसिले पर ब्रेक लगा। भारतीय रिजर्व बैंक ने भरोसा दिलाया है कि वह जानलेवा कोरोना वायरस के आर्थिक प्रभाव को थामने के लिए नीतिगत उपाय करेगा। इससे शेयर बाजारों में गिरावट थम गई।
बेहद उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 479.68 अंक या 1.26 प्रतिशत की बढ़त के साथ 38,623.70 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 में से 28 शेयर लाभ में रहे। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 170.55 अंक या 1.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ 11,303.30 अंक पर पहुंच गया।
सेंसेक्स की कंपनियों में सनफार्मा का शेयर 6.64 प्रतिशत चढ़ गया। सरकार ने स्थानीय स्तर पर आपूर्ति बेहतर करने के लिए 26 तरह की दवा सामग्रियों और औषधियों के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया है। टाटा स्टील, ओएनजीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी, पावरग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचसीएल टेक के शेयर भी लाभ में रहे। वहीं दूसरी ओर आईटीसी और एचडीएफसी बैंक के शेयर में गिरावट आई। जरूरत पड़ने पर कदम उठाने को तैयार
रिजर्व बैंक ने मंगलवार को कहा कि वह खतरनाक कोरोनो वायरस के प्रभाव को लेकर वैश्विक के साथ-साथ घरेलू स्थिति पर नजर रखे हुए है। वह वित्तीय बाजारों के व्यवस्थित तरीके से काम करने को सुनिश्चित करने के लिये जरूरी कदम उठाने को तैयार है।
आरबीआई ने एक बयान में कहा कि कोरोना वायरस के फैलने के साथ वैश्विक स्तर पर वित्तीय बाजारों में उल्लेखनीय उतार-चढ़ाव देखा गया है। इससे धारणा प्रभावित हुई है और निवेशक सुरक्षित जगह निवेश करने को लेकर बाजार से पैसा निकाल रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



