यस बैंक ने शुक्रवार को स्पष्ट किया है कि उसने डायरेक्ट- टू- होम (डीटीएच) कंपनी डिश टीवी के उसके पास गिरवी रखे शेयरों को भुना लिया है। उसने कहा कि एस्सेल समूह की विभिन्न कंपनियां द्वारा भुगतान में डिफाल्ट के चलते यह कदम उठाया गया है। यस बैंक ने इससे पहले 29 मई को यह घोषणा की थी कि उसने डिश टीवी इंडिया के 24.19 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण कर लिया है। डीटीएच सेवा प्रदाता और अन्य समूह कंपनियों द्वारा कर्ज समय पर नहीं चुकाने की वजह से उसके गिरवी रखे शेयरों का इस्तेमाल कर लिया गया।
इसके बाद एक जून को डिश टीवी ने इस संबंध में स्पष्टीकरण जारी करते हुये कहा था कि यस बैंक ने जो सूचना दी है, वह सही नहीं है। उसने कहा, ‘‘हम बताना चाहेंगे कि … डिश टीवी इंडिया लिमिटेड ने यस बैंक के प्रति किसी भी भुगतान दायित्व को निभाने में डिफाल्ट नहीं किया है।’’
डिश टीवी की शेयर बाजार को भेजी इस जानकारी के बाद शुक्रवार को यस बैंक ने फिर से कहा कि उसने 29 मई के ही खुलासे में कहा है कि एस्सेल समूह की विभिन्न कंपनियों के डिफाल्ट के कारण उसने गिरवी शेयरों का अधिग्रहण किया है।


Download Android App
Download iOS App



