इन्फ्लूएन्सर्स के दम पर दुनिया तक पहुंचेगा छत्तीसगढ़, पर्यटन को मिलेगा डिजिटल बूस्ट

Summary :

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ सरकार अब राज्य की खूबसूरती, संस्कृति और जनजातीय परंपराओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया का सहारा ले रही है। इसी सोच के साथ अंबिकापुर के लखनपुर में सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर मीट का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए डिजिटल क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर्स से बातचीत की। उन्होंने सभी से छत्तीसगढ़ पर्यटन का ब्रांड एम्बेसडर बनने की अपील की। मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि आज के समय में सोशल मीडिया सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं रह गया है। यह लोगों…

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ सरकार अब राज्य की खूबसूरती, संस्कृति और जनजातीय परंपराओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया का सहारा ले रही है। इसी सोच के साथ अंबिकापुर के लखनपुर में सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर मीट का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए डिजिटल क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर्स से बातचीत की। उन्होंने सभी से छत्तीसगढ़ पर्यटन का ब्रांड एम्बेसडर बनने की अपील की।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि आज के समय में सोशल मीडिया सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं रह गया है। यह लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने और किसी जगह की पहचान बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक स्थल, ऐतिहासिक धरोहर, जनजातीय संस्कृति और पुरातात्विक महत्व वाले कई स्थान हैं। अगर इन जगहों को अच्छे तरीके से सोशल मीडिया पर दिखाया जाए तो बड़ी संख्या में पर्यटक यहां आ सकते हैं।

इन पर्यटन स्थलों को करें प्रमोट

उन्होंने डिजिटल क्रिएटर्स से चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़, कांगेर घाटी, सिरपुर, भोरमदेव, मैनपाट, रामगढ़, बारसूर, चंद्रखुरी और दंतेवाड़ा जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों की खासियत को लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया। उनका कहना था कि जब किसी पर्यटन स्थल की पहचान बढ़ती है तो वहां के लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलते हैं। साथ ही हस्तशिल्प, लोक कला और स्थानीय व्यापार को भी फायदा होता है।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि किसी भी पर्यटन स्थल की सबसे बड़ी पहचान उसकी साफ-सफाई होती है। अगर जगह स्वच्छ होगी तो पर्यटक वहां दोबारा आना पसंद करेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए लोगों को स्वच्छता बनाए रखने और जिम्मेदार पर्यटन अपनाने का संदेश देने की भी अपील की।

रामगढ़ महोत्सव का करें प्रचार

Chhattisgarh News
Chhattisgarh News

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने 29 और 30 जून को सरगुजा के ऐतिहासिक रामगढ़ में होने वाले दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव के प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि रामगढ़ सिर्फ सरगुजा ही नहीं, बल्कि पूरे देश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर है। सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जा सकती है, जिससे बड़ी संख्या में पर्यटक और संस्कृति प्रेमी यहां पहुंचेंगे।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य सिर्फ पर्यटन स्थलों का विकास करना नहीं, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना भी है। इसके लिए बेहतर सड़क, सुरक्षा, स्वच्छता और आधुनिक सुविधाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।

इन्फ्लूएन्सर्स ने लिया संकल्प

कार्यक्रम में शामिल सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर्स और डिजिटल क्रिएटर्स ने भी भरोसा दिलाया कि वे छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक आयोजनों और रामगढ़ महोत्सव का रचनात्मक तरीके से प्रचार करेंगे। इस मौके पर पर्यटन विभाग के अधिकारी और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की उप महाप्रबंधक पूनम शर्मा भी मौजूद रहीं। यह पहल राज्य के पर्यटन और सांस्कृतिक वैभव को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें: कांग्रेस ने लोकतंत्र का गला घोंटा, अब लोकतंत्र की दुहाई दे रही है: केदार कश्यप

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।