Delhi : राजधानी के प्रमुख सरकारी अस्पतालों में शामिल गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल की दशकों पुरानी इमरजेंसी बिल्डिंग आखिरकार अपनी बदहाल स्थिति के कारण मरीजों के इलाज के लिए अनुपयुक्त हो गई है। जर्जर भवन में इलाज जारी रखना जोखिम भरा मानते हुए अस्पताल प्रशासन ने इमरजेंसी सेवाओं को वहां से हटाने का फैसला किया है।
अब सभी आपातकालीन मरीजों का इलाज राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल (आरजीएसएसएच) में किया जाएगा। जीटीबी अस्पताल में हर दिन हजारों मरीज इलाज के लिए आते हैं। लेकिन भवन की लगातार बिगड़ती हालत और समय पर नवीनीकरण न होने के कारण अब मरीजों को अपने परिचित अस्पताल के बजाय दूसरे अस्पताल का रुख करना पड़ेगा। यह स्थिति सरकारी स्वास्थ्य ढांचे के रखरखाव पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।
अस्पताल के निदेशक डॉ. विनोद कुमार का कहना है कि इलाज करने वाले डॉक्टर जीटीबी अस्पताल के ही होंगे, इसलिए चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता प्रभावित नहीं होगी। हालांकि मरीजों और उनके परिजनों के लिए अस्पताल बदलने, नई व्यवस्था को समझने और आपातकालीन स्थिति में अतिरिक्त असुविधा का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल खुद समस्याओं से भरा हुआ है।
यहां सुविधाओं की कमी है। ऐसे में यहां जीटीबी अस्पताल के चलने वाले इमरजेंसी सेवा के लिए सुविधाएं जुटानी होगी। हालांकि अस्पताल प्रशासन का कहना है कि बेड, ऑक्सीजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है, ताकि इमरजेंसी सेवाएं संचालित की जा सकें, लेकिन इसमें देरी हो रही है।
इमरजेंसी ब्लॉक खाली होने के बाद पीडब्ल्यूडी पुरानी बिल्डिंग के नवीनीकरण का कार्य करेगा शुरू
इमरजेंसी ब्लॉक खाली होने के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) पुरानी बिल्डिंग के नवीनीकरण का कार्य शुरू करेगा। वहीं, जीटीबी परिसर में प्रस्तावित 250 बेड के ट्रॉमा सेंटर का निर्माण भी अभी पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि इमरजेंसी सेवाएं कब तक वापस जीटीबी अस्पताल लौट पाएंगी।
राजधानी के बड़े सरकारी अस्पताल की इमरजेंसी का जर्जर भवन के कारण बंद होना इस बात का संकेत है कि अस्पतालों के रखरखाव और बुनियादी ढांचे के उन्नयन में समय रहते पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। इसका सीधा असर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें : पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया 37 मामलों का बदमाश ‘हड्डी’, जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली


Download Android App
Download iOS App




