Chhattisgarh Today News Update: जनभागीदारी और तकनीक का कमाल, बलौदाबाजार ने वनाग्नि नियंत्रण में रचा राष्ट्रीय मॉडल

Summary :

Chhattisgarh Today News Update:छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले ने वनाग्नि नियंत्रण के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे देश के लिए एक प्रेरणादायक मॉडल प्रस्तुत किया है। जनभागीदारी, आधुनिक तकनीक और सुनियोजित रणनीति के समन्वित प्रयासों से जिले में वनाग्नि की घटनाओं में वर्ष 2021 की तुलना में लगभग 85 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। आग से प्रभावित वन क्षेत्र में भी भारी गिरावट वन मंत्री  केदार कश्यप के मार्गदर्शन में तैयार की गई विशेष कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम है कि वर्ष 2026 में अब तक केवल 27 फायर पॉइंट दर्ज हुए हैं, जबकि…

Chhattisgarh Today News Update:छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले ने वनाग्नि नियंत्रण के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे देश के लिए एक प्रेरणादायक मॉडल प्रस्तुत किया है। जनभागीदारी, आधुनिक तकनीक और सुनियोजित रणनीति के समन्वित प्रयासों से जिले में वनाग्नि की घटनाओं में वर्ष 2021 की तुलना में लगभग 85 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

आग से प्रभावित वन क्षेत्र में भी भारी गिरावट

वन मंत्री  केदार कश्यप के मार्गदर्शन में तैयार की गई विशेष कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम है कि वर्ष 2026 में अब तक केवल 27 फायर पॉइंट दर्ज हुए हैं, जबकि वर्ष 2021 में यह संख्या 257 थी। यही नहीं, आग से प्रभावित वन क्षेत्र में भी भारी गिरावट आई है। वर्ष 2025 की तुलना में वर्ष 2026 में अग्नि प्रभावित रकबे में 93.76 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

 बारनवापारा अभयारण्य में अभूतपूर्व सफलता

प्रदेश के प्रमुख वन्यजीव क्षेत्रों में शामिल बारनवापारा अभयारण्य में इस वर्ष केवल 5 वनाग्नि घटनाएं दर्ज की गई हैं। यह उपलब्धि वन विभाग की सतर्कता और स्थानीय समुदायों के सक्रिय सहयोग का प्रत्यक्ष प्रमाण है। वन्यजीवों और जैव विविधता की सुरक्षा के लिए यह उपलब्धि अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

 128 बीट में से 108 बीट पूरी तरह सुरक्षित

वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले की कुल 128 वन बीटों में से 108 बीट ऐसी हैं जहां इस वर्ष वनाग्नि की एक भी घटना नहीं हुई। केवल 20 बीटों में सीमित घटनाएं दर्ज की गईं। इस प्रकार लगभग 85 प्रतिशत वन क्षेत्र को आग की घटनाओं से पूरी तरह सुरक्षित रखा गया।

 तकनीक और निगरानी बनी सफलता की कुंजी

वनाग्नि नियंत्रण के लिए विभाग ने 500 से अधिक फायर वॉचर तैनात किए हैं तथा 24×7 निगरानी व्यवस्था स्थापित की गई है। एफएसआई और सीजी फॉरेस्ट पोर्टल आधारित मॉनिटरिंग, सैटेलाइट डेटा, जीपीएस आधारित निगरानी और रियल टाइम अलर्ट सिस्टम का प्रभावी उपयोग किया गया। इसके साथ ही फायर कंट्रोल रूम और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र को भी मजबूत बनाया गया।

जनभागीदारी ने निभाई निर्णायक भूमिका

वन संरक्षण समितियों, ग्रामवासियों, जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवी समूहों की सक्रिय भागीदारी ने वनाग्नि रोकने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। गांव-गांव में जागरूकता अभियान, प्रशिक्षण कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, प्रतियोगिताएं और सामुदायिक बैठकें आयोजित कर लोगों को वन संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। परिणामस्वरूप अधिकांश वन क्षेत्रों में आग लगने की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सका।

 वन संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम

वन मंडलाधिकारी  धर्मशील गणवीर ने कहा कि वनाग्नि नियंत्रण में मिली सफलता वन विभाग, वन प्रबंधन समितियों, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के साझा प्रयासों का परिणाम है। डेटा आधारित योजना, आधुनिक तकनीक और सतत निगरानी के माध्यम से वन संरक्षण को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।

वनाग्नि नियंत्रण में बलौदाबाजार की यह सफलता न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण बनकर उभरी है। यह साबित करता है कि जनसहभागिता, तकनीक और मजबूत प्रशासनिक इच्छाशक्ति के बल पर प्राकृतिक संसाधनों की प्रभावी सुरक्षा संभव है।

 रिपोर्ट: आनंद खरे ,पंजाब केसरी, रायपुर, छत्तीसगढ़

Himanshu Negi

हिमांशू नेगी को देश-विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने GGSIPU से संबद्ध LLDIMS कॉलेज से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन (BJMC) की पढ़ाई की है। इसके बाद HNBGU Central University से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन (MAJMC) पूरा किया और पत्रकारिता की शुरुआत की। दैनिक जागरण और IJCP Pvt Ltd. में इंटर्नशिप करने के बाद उन्होंने सुदर्शन टीवी चैनल में 9 PM शो के लिए प्रोड्यूसर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।