Kachna Railway Overbridge: रायपुर। विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर में बहुप्रतीक्षित कचना रेलवे ओवरब्रिज का लोकार्पण कर इसे आम जनता को समर्पित किया। इसके साथ ही 22.79 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित शंकर नगर-खम्हारडीह-कचना मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का भी लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में आधारभूत संरचना के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और कचना ओवरब्रिज उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कचना रेलवे फाटक पर लंबे समय से ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या बनी हुई थी, जिससे लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब ओवरब्रिज के शुरू होने से नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और निर्बाध यातायात सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से कचना, खम्हारडीह एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की केंद्रीय सड़क निधि योजना के अंतर्गत इस परियोजना को स्वीकृति मिली थी।
Raipur Infrastructure: 787 मीटर लंबे ओवरब्रिज से रायपुर में ट्रैफिक राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन कचना और आसपास के क्षेत्रवासियों के लिए ऐतिहासिक और खुशी का दिन है, क्योंकि वर्षों पुरानी मांग आज पूरी हुई है। अब लोगों को ट्रैफिक जाम और वाहनों की लंबी कतारों से राहत मिलेगी। इससे स्कूल-कॉलेज, कार्यालय जाने वाले नागरिकों के साथ-साथ व्यापारियों और व्यवसायियों को भी बड़ी सुविधा प्राप्त होगी। 48.78 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस ओवरब्रिज की लंबाई 787 मीटर तथा चौड़ाई 13 मीटर है। इसके निर्माण से रायपुर शहर की यातायात व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा लोगों के समय की भी बचत होगी।
Vishnudev Sai: मुख्यमंत्री ने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य की दी सराहना
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़क, पुल और अन्य अधोसंरचना विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है ताकि आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सरकार की प्राथमिकता है और प्रदेश को विकसित छत्तीसगढ़ बनाने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।
Chief Minister Inauguration: सीधा संवाद और समाधान शिविरों से बस्तर में विकास की नई दिशा
सुशासन तिहार का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनता के बीच जाकर योजनाओं और विकास कार्यों का फीडबैक ले रही है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में समाधान शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं गांवों में पहुंचकर चौपाल लगाते हैं और लोगों की समस्याएं सुनते हैं, जिससे शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहे बस्तर क्षेत्र में अब विकास की नई धारा बह रही है। नियद नेल्लानार योजना और नियद नेल्लानार 2.0 के माध्यम से दूरस्थ गांवों तक शासन की योजनाएं पहुंचाई जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं और अब तक 20 लाख से अधिक लोगों की जांच की जा चुकी है।
कचना ओवरब्रिज बनेगा रायपुर की जीवनरेखा, लोगों को मिलेगी बड़ी सुविधा
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कहा कि कचना क्षेत्र की लगभग 25 बड़ी कॉलोनियों को यह ओवरब्रिज रायपुर शहर से बेहतर तरीके से जोड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल एक पुल नहीं बल्कि रायपुर और कचना को जोड़ने वाली जीवनरेखा है। इससे रायपुर के साथ-साथ बिलासपुर और बलौदाबाजार की ओर आने-जाने वाले लोगों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।कार्यक्रम में लक्ष्मी वर्मा, पुरंदर मिश्रा, मीनल चौबे, संजय श्रीवास्तव, मुकेश बंसल, गौरव सिंह, संबित मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: आशीष शर्मा, पंजाब केसरी


Download Android App
Download iOS App






