Latest Chhattisgarh News : लोकतंत्र की असली ताकत जनता की आवाज़ में होती है, लेकिन अक्सर यही आवाज़ सरकारी तंत्र की जटिलताओं में दब जाती है। शिकायत दर्ज होने के बाद कार्रवाई का लंबा इंतजार और जवाबदेही का अभाव आम नागरिकों की बड़ी समस्या रही है। ऐसे में छत्तीसगढ़ सरकार 9 जून से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू करने जा रही है, जिसे शासन और जनता के बीच भरोसे का नया पुल माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शुरू होने वाली यह तकनीक आधारित और केंद्रीकृत व्यवस्था नागरिकों को फोन, व्हाट्सएप, मोबाइल एप, वेब पोर्टल तथा लिखित आवेदन के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की सुविधा देगी। प्रत्येक शिकायत को यूनिक पहचान संख्या मिलेगी, जिससे उसकी ट्रैकिंग की जा सकेगी।
CM Helpline Number : शिकायतों का 4 स्तरीय तंत्र विकसित
सरकार ने शिकायतों के समयबद्ध समाधान के लिए ब्लॉक, जिला, संभाग और विभागीय सचिव स्तर तक चार स्तरीय तंत्र विकसित किया है। निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर शिकायत स्वतः अगले स्तर पर पहुंच जाएगी। इसकी निगरानी सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय और सचिवालय स्तर से होगी।
24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन संचालित रहने वाली यह हेल्पलाइन न केवल शिकायतों के समाधान का माध्यम बनेगी, बल्कि नागरिकों को शासकीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 को सुशासन, पारदर्शिता और प्रशासनिक जवाबदेही की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App




