छत्तीसगढ़ में विज्ञान को मिलेगी नई उड़ान, साइंस सिटी और एआई गैलरी पर तेज़ी से बढ़ेगा काम

Summary :

छत्तीसगढ़ सरकार ने साइंस सिटी और अत्याधुनिक एआई गैलरी परियोजना को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य राज्य में नवाचार, एसटीईएम (STEM) शिक्षा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना है।

Chhattisgarh Science City

Chhattisgarh Science City : छत्तीसगढ़ में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम तेज कर दिए हैं। महानदी भवन, अटल नगर नवा रायपुर में आयोजित विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने साइंस सिटी, रीजनल साइंस सेंटर, अत्याधुनिक एआई गैलरी और विभिन्न जिलों में प्रस्तावित साइंस पार्कों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में रायपुर में विकसित की जा रही महत्वाकांक्षी साइंस सिटी और एआई गैलरी को भविष्य की विज्ञान शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधार्थियों और आम नागरिकों को आधुनिक, इंटरैक्टिव और अनुभवात्मक विज्ञान शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि समाज में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और एसटीईएम (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग एवं गणित) शिक्षा को बढ़ावा मिल सके।

2026-27 में रायपुर करेगा 22वें राष्ट्रीय विज्ञान सम्मेलन की मेजबानी

Chhattisgarh Science City

समीक्षा बैठक में वर्ष 2026-27 में रायपुर में आयोजित होने वाले 22वें अखिल भारतीय विज्ञान संग्रहालय एवं विज्ञान केंद्र प्रमुख सम्मेलन की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। यह राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (एनसीएसएम), संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित किया जाएगा। प्रमुख सचिव ने सम्मेलन की तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा एनसीएसएम के साथ शीघ्र संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।

वैज्ञानिक सोच और युवाओं को तकनीक से जोड़ने पर जोर

श्री सोनमणि बोरा ने कहा कि राज्य में आधुनिक विज्ञान अधोसंरचना का विकास केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसके माध्यम से विज्ञान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, नवाचार को प्रोत्साहित करने और युवाओं को नई तकनीकों से जोड़ने का लक्ष्य भी पूरा होना चाहिए। उन्होंने सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया।

बैठक में छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (CCOST), रीजनल साइंस सेंटर, रायपुर के वैज्ञानिकों तथा विभागीय अधिकारियों ने भाग लेकर विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की।

यह भी पढ़ें – वंदे मातरम’ के अनिवार्य पाठ का AIMIM नेता वारिस पठान ने किया विरोध, बोले- “हम अल्लाह के सिवा किसी की पूजा नहीं कर सकते”

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।