Janakpuri Sub-Registrar office Fire: पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके से हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। दरअसल, यहां आज यानी शुक्रवार सुबह डिस्ट्रिक्ट सेंटर स्थित सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई है। ऐसे में घटना की सूचना मिलते ही कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और लोगों के बीच भी हलचल मच गई। सुरक्षा के तौर पर इमारत को खाली कराया गया और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दमकल विभाग ने बताया कि आग लगने की सूचना सुबह करीब 11:23 बजे कंट्रोल रूम को मिली। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां तुरंत मौके के लिए रवाना कर दी गईं ताकि आग को फैलने से पहले कंट्रोल किया जा सके।
दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची
आग बुझाने के लिए शुरुआत में तीन वाटर बाउजर, एक वाटर टेंडर, एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल (QRV) और एक मिनी फायर रेस्क्यू वाहन को मौके पर भेजा गया। शुरुआती राहत एवं बचाव अभियान का नेतृत्व SDO फिरोज और STO अमित ने संभाला। हालात को देखते हुए दमकल विभाग ने एक्स्ट्रा संसाधन भी भेजे। सुबह 11:40 बजे और 11:41 बजे एक और वाटर टेंडर को मौके पर रवाना किया गया। इस एक्स्ट्रा टीम की कमान STO सरवन लाल के पास थी। दमकल कर्मियों ने मिलकर तेजी से आग बुझाने का अभियान चलाया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग सब-रजिस्ट्रार कार्यालय की ग्राउंड फ्लोर पर बने एक कमरे में लगी थी। आग की लपटें और धुआं देखकर वहां मौजूद लोगों में कुछ समय के लिए घबराहट फैल गई। लेकिन दमकल विभाग की टीम ने समय रहते हालात को कंट्रोल कर लिया और आग को इमारत के अन्य हिस्सों तक फैलने नहीं दिया। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने लगातार कोशिश करते हुए करीब दोपहर 12 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और समय रहते बड़ा हादसा टल गया।
किसी के घायल होने की सूचना नहीं
इस घटना में सबसे राहत की बात यह रही कि किसी व्यक्ति के घायल होने या जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। आग लगने के समय कार्यालय में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। दमकल विभाग की सतर्कता और तुरंत की कार्रवाई की वजह से हालात जल्द सामान्य हो गए। फिलहाल आग लगने के सही वजह का पता नहीं लग पाया है। संबंधित विभाग और दमकल अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
इसके साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि आग से कार्यालय में कितना नुकसान हुआ है और किन दस्तावेजों या सामान पर इसका असर पड़ा है। दमकल विभाग का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आग लगने के कारण और नुकसान से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
यह भी पढ़ें: IB अधिकारी अंकित शर्मा हत्या मामले में ताहिर हुसैन समेत सभी 5 को उम्रकैद की सजा



Download Android App
Download iOS App




