1000 Smart Toilets Project Delhi: राष्ट्रीय राजधानी में जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से लैस सार्वजनिक शौचालय देखने को मिलेंगे, जहां स्वच्छता के साथ-साथ रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं की बिक्री करने वाले कियोस्क भी होंगे। यह ऐसा मॉडल होगा जिसमें शौचालय सिर्फ बने ही नहीं, बल्कि उनकी सफाई और देखभाल का खर्च भी खुद निकलता रहे। एक सूत्र ने बताया कि दिल्ली सरकार अगले एक वर्ष में शहरभर में ऐसे करीब 1,000 सार्वजनिक शौचालय स्थापित करने की योजना बना रही है। खासतौर पर भीड़भाड़ वाले बाजारों, व्यस्त इलाकों और तंग क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी। सूत्र ने बताया, ”इसका उद्देश्य पुराने खुले या बदहाल शौचालयों की जगह बेहतर डिजाइन वाले, सुविधाजनक और उपयोगी आधुनिक शौचालय उपलब्ध कराना है।” इस परियोजना को दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम द्वारा लागू किया जाएगा।
आत्मनिर्भर रखरखाव मॉडल और कियोस्क की भूमिका
सूत्र ने कहा कि निर्माण के साथ-साथ इन सुविधाओं के दीर्घकालिक रखरखाव को सुनिश्चित करने के लिए सुव्यवस्थित योजना तैयार की जा रही है। इस मॉडल की सबसे खास बात यह है कि शौचालय परिसर के भीतर छोटे कियोस्क भी होंगे, जहां मूलभूत सुविधा वाली जरूरी वस्तुएं उपलब्ध रहेंगी। दिल्ली की सार्वजनिक स्वच्छता व्यवस्था में यह नया प्रयोग होगा। सूत्र के अनुसार, ”इन कियोस्क का संचालन शौचालय का देखरेखकर्ता ही करेगा, जिससे वह स्थल पर लगातार मौजूद रहेगा और शौचालय को बिना निगरानी छोड़ेगा नहीं। इससे सफाई व्यवस्था, रखरखाव और निगरानी बेहतर होगी।” सूत्र ने बताया कि प्रस्तावित शौचालयों में हवा की बेहतर व्यवस्था, आधुनिक डिजाइन और लकड़ी व ग्रिल के आकर्षक मिश्रण वाला ढांचा होगा, जो इन्हें आकर्षक रूप देगा।


Download Android App
Download iOS App




