Summary :

नई दिल्ली, (पंजाब केसरी): वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के हरि नगर थाना क्षेत्र स्थित फतेह नगर में मंगलवार को एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। संकरी गलियों के कारण दमकल की गाड़ियां मौके तक नहीं पहुंच सकीं, लेकिन हरि नगर थाना पुलिस ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान एक महिला ने घबराकर पहली मंजिल से छलांग लगाने की कोशिश की, जबकि तीसरी मंजिल पर फंसे बुजुर्ग दंपति को पुलिसकर्मियों ने जान जोखिम में डालकर सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू अभियान के दौरान एसआई राजेंद्र भी…

नई दिल्ली, (पंजाब केसरी): वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के हरि नगर थाना क्षेत्र स्थित फतेह नगर में मंगलवार को एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। संकरी गलियों के कारण दमकल की गाड़ियां मौके तक नहीं पहुंच सकीं, लेकिन हरि नगर थाना पुलिस ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान एक महिला ने घबराकर पहली मंजिल से छलांग लगाने की कोशिश की, जबकि तीसरी मंजिल पर फंसे बुजुर्ग दंपति को पुलिसकर्मियों ने जान जोखिम में डालकर सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू अभियान के दौरान एसआई राजेंद्र भी घायल हो गए।

 पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि मंगलवार को पीसीआर कॉल के माध्यम से फतेह नगर स्थित डी-177 में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एसएचओ आशु गिरोत्रा के नेतृत्व में एसआई राजेंद्र, एएसआई अशोक, एएसआई सुरेंद्र, हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश स्वामी, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आग इमारत की पार्किंग में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसने देखते ही देखते चारों मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन संकरी गलियों के कारण फायर टेंडर इमारत तक नहीं पहुंच सके। ऐसे में पुलिस और दमकल कर्मियों ने सीढ़ियों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रेस्क्यू के दौरान करीब 40 वर्षीय महिला साक्षी घबरा गई और पहली मंजिल से छलांग लगाने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल नीचे गद्दे बिछा दिए, जिससे महिला सुरक्षित नीचे उतर गई और उसे कोई चोट नहीं आई।

एसआई राजेंद्र के दाहिने पैर में लगी चोट

इसी दौरान तीसरी मंजिल पर एक बुजुर्ग दंपति फंसा हुआ था। बुजुर्ग महिला की तीन-चार दिन पहले ही हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी हुई थी और वह चलने-फिरने में असमर्थ थी। शुरुआत में दंपति घर छोड़ने को तैयार नहीं था, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाकर बाहर निकाला। महिला को व्हीलचेयर पर बैठाकर हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश स्वामी और अन्य पुलिसकर्मियों ने सुरक्षित नीचे पहुंचाया। रेस्क्यू अभियान के दौरान इमारत की ऊपरी मंजिल पर रखे दो एलपीजी सिलेंडर भी आग की चपेट में आकर फट गए। इसके बावजूद पुलिस ने हिम्मत नहीं हारी और सभी नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान एसआई राजेंद्र के दाहिने पैर में चोट आई। पुलिस ने बताया कि समय रहते किए गए इस रेस्क्यू ऑपरेशन से एक बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Sumant Chaudhary