West Delhi Crime News : पश्चिमी जिला पुलिस की साइबर थाना टीम ने एटीएम से साइबर ठगी की रकम निकालने वाले गिरोहों के खिलाफ 24 घंटे का विशेष अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। डीसीपी (वेस्ट) हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि इस अभियान के दौरान 12 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि छह एफआईआर दर्ज कर 68 संदिग्ध म्यूल बैंक खातों का सत्यापन किया गया।
पुलिस ने 28 एटीएम और आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण कर आरोपियों तक पहुंच बनाई। डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि इस अभियान में पुलिस ने साइबर ठगी की रकम को म्यूल खातों के जरिए निकालने वाले नेटवर्क पर कार्रवाई की। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी कमीशन के बदले बैंक खाते उपलब्ध कराने, ठगी की रकम निकालने और उसे विभिन्न माध्यमों से आगे पहुंचाने का काम करते थे। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 20 मोबाइल फोन, 14 सिम कार्ड, दो चेकबुक, तीन कंप्यूटर सिस्टम, एक राउटर, एक स्कूटी, चार रबर स्टांप, कई एटीएम कार्ड, डेबिट कार्ड, पासबुक और अन्य बैंक दस्तावेज बरामद किए हैं।
जांच में पुलिस ने फर्जी लोन कॉल सेंटर, स्कॉलरशिप फ्रॉड, जॉब फ्रॉड, निवेश ठगी और बेंगलुरु से जुड़े करोड़ों रुपये के डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड समेत छह अलग-अलग मामलों का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी म्यूल अकाउंट प्रोवाइडर, कमीशन एजेंट, कैश हैंडलर और कॉल सेंटर ऑपरेटर के रूप में काम कर रहे थे। पुलिस अब पूरे गिरोह, धन के प्रवाह और अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।


Download Android App
Download iOS App




