राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को और 3,788 लोगों के कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि होने के साथ ही दिल्ली में कोविड-19 के मामले 70,000 के पार चले गए जबकि शहर में अभी तक इस संक्रमण से 2,365 लोग की मौत हुई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी हैं।
मंगलवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 3,947 नए मामले सामने आए थे। शुक्रवार-शनिवार से राष्ट्रीय राजधानी में 3000 या उससे अधिक नये मामले रोज आ रहे हैं। सोमवार को 2909 नये मरीज सामने आये थे।
दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को एक बुलेटिन में बताया कि पिछले 24 घंटे में 64 मरीजों की मौत हो चुकी है। इस महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या मंगलवार को 2,301 थी। बुलेटिन के अनुसार कोरोना वायरस संक्रमण से अभी तक कुल 2,365 लोग की मौत हुई है जबकि अभी तक कुल 70,390 लोग इस वायरस से संक्रमित हुए हैं।
वहीं, केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से बुधवार सुबह को जारी आंकड़े के मुताबिक कोरोना वायरस के संक्रमण के 15,968 नये मामलों के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,56,183 हो गयी है। पिछले 24 घंटों के दौरान इस बीमारी से 465 लोगों की मौत के साथ कुल मृतकों की संख्या बढ़कर 14,476 हो गयी है।
दूसरी तरफ इस बीमारी से निजात पाने वालों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है और इसी अवधि में 10,495 रोगी ठीक हुए हैं, जिन्हें मिलाकर अब तक कुल 2,58,685 मरीज रोगमुक्त हो चुके हैं। देश में अभी कोरोना संक्रमण के 1,83,022 सक्रिय मामले हैं।


Download Android App
Download iOS App



