बिहार के नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक नदी में स्नान करने गए चार बच्चों की डूबने से मौत हो गई। चारों शवों को नदी से बाहर निकाल लिया गया है। पुलिस के अनुसार, पेशौर गांव के रहने वाले चार बच्चे सुबह में पास के ही गोइतवा नदी में स्नान करने गए थे। इसी दौरान बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने से चारों की मौत हो गई। रहुई के थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों की मदद से सभी बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि मरने वालों की पहचान पेशौर गांव के धनंजय कुमार के पुत्र रोबिन कुमार, धर्मेद्र कुमार के पुत्र ऋतिक कुमार, मृत्युंजय कुमार के पुत्र बंटू और अनंतपुर गांव के भुवनेश्वर कुमार के पुत्र विकास कुमार के रूप में की गई है। इनकी उम्र 10 से 14 वर्ष के बीच बताई जा रही है। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि विकास अपने नानी के घर आया था और अपने दोस्तों के साथ नदी में स्नान करने गया था, तभी यह यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



