राजधानी दिल्ली में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 4,853 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3.64 लाख के पार पहुंच गयी और चिंता की बात यह है कि इस दौरान मरीजों के स्वस्थ होने की दर में कमी दर्ज की गयी है, जिससे सक्रिय मामलों में वृद्धि हुई है।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी आंकड़ के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमितों की संख्या 3,64,341 हो गई। वहीं इस दौरान 2,722 और मरीजों के स्वस्थ होने के बाद अब तक कुल 3,30,112 लोग कोरोना वायरस को मात दे चुके हैं। इसके साथ ही कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की दर आंशिक वृद्धि के साथ 90.60 फीसदी पहुंच गयी। इसी अवधि में कोरोना संक्रमण से 44 और मरीजों की मौत होने से इस महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 6,356 हो गयी है।
दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 57,210 लोगों जांच की गई और यहां अब तक वायरस के कुल 44,56,029 नमूनों की जांच की जा चुकी है। राष्ट्रीय राजधानी में प्रति 10 लाख पर जांच का औसत आंकड़ 2,34,527 है। चिंता की बात यह है कि नये मामलों की तुलना में स्वस्थ लोगों की संख्या कम होने से सक्रिय मामलों में वृद्धि दर्ज की गयी है। राजधानी में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 2,087 और बढ़कर आज 27,873 पहुंच गयी जो सोमवार को 25,786 थी। इनमें से होम आइसोलेशन में 16,415 लोग भर्ती हैं। इसबीच राजधानी में निषिद्ध क्षेत्रों में एक बार फिर से वृद्धि दर्ज की है और इनकी संख्या और बढ़कर अब 3032 हो गयी है।


Download Android App
Download iOS App



