‘5 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था का सपना मोदी सरकार का नया जुमला’

Summary :

महंगाई और आर्थिकमंदी को लेकर केन्द्र की मोदी सरकार के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल रविवार को दूसरे दिन भी जारी रहा।

नई दिल्ली : महंगाई और आर्थिकमंदी को लेकर केन्द्र की मोदी सरकार के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल रविवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। दिल्ली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा की अगुवाई में दक्षिणी दिल्ली के महरौली व बदरपुर जिला कांग्रेस कमेटियों में आयोजित अलग-अलग आक्रोश रैलियों व प्रदर्शन किए गए। सुभाष चोपड़ा ने इस मौके पर कहा कि मोदी सरकार का 5 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था का सपना केवल जुमला है। 
उन्होंने कहा कि देश की चौपट अर्थव्यवस्था की चपेट में न केवल गरीब आदमी आया है बल्कि मध्यम वर्ग व किसानों की भी बुरी हालत है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार जुमलों से गरीब आदमी का पेट भरना चाहती है, जो पूरी तरह जले पर नमक छिड़कने के समान है। इस रैलियों में कैम्पेन कमेटी के चेयरमैन कीर्ति आजाद, पूर्व सांसद रमेश कुमार, मुख्य प्रवक्ता मुकेश शर्मा, कांग्रेसी नेता जगप्रवेश कुमार आदि ने संबोधित किया। 
इस मौके पर कीर्ति आजाद ने कहा कि जीएसटी की दरों ने गरीब व मध्यम वर्ग के लोगों की कमर तोड़ कर रख दी है। आम आदमी की खरीदारी की क्षमता शून्य के करीब पहुंच गई है। वहीं दूसरी ओर कमरतोड़ मंहगाई से सब्जियां भी अछूती नहींं है। 

Desk Team