करोल बाग की गफ्फार मार्किट में आग से हड़कंप! मौके पर पहुंची दमकल की 22 गाड़ियां, जानें कैसे हुई घटना

Summary :

दिल्ली के करोल बाग की गफ्फार मार्केट की चेन वाली गली में पुरी प्लाजा की एक दुकान में देर रात भीषण आग लग गई। आग 4 मंजिला इमारत तक फैल गई। दमकल की 22 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। राहत की बात है कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

दिल्ली/ करोल बाग: दिल्ली के करोल बाग की गफ्फार मार्केट में देर रात आग लगने की बड़ी घटना सामने आई। देखते ही देखते आग ने आसपास के हिस्सों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में इसकी लपटें इमारत की चारों मंजिलों तक पहुंच गईं। मौके पर दमकल की 22 गाड़ियां, एक्स्ट्रा पानी के टैंकर और लाइटिंग का सामान भेजा गया। राहत की बात यह है कि इस घटना में अब तक किसी के घायल होने या जान जाने की खबर नहीं मिली है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आग लगने की घटना करोल बाग के गफ्फार मार्केट की चेन वाली गली में हुई। यहां पुरी प्लाजा की दुकान नंबर 13/21 में रात करीब 1 बजकर 28 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस को PCR कॉल के जरिए घटना की जानकारी दी गई। दुकान में मोबाइल एक्सेसरीज का कारोबार होता है।

4 मंजिला इमारत तक पहुंचीं आग की लपटें

शुरुआत में दुकान में लगी आग धीरे-धीरे इमारत के दूसरे हिस्सों तक पहुंच गई। कुछ ही समय में आग 4 मंजिला इमारत में फैल गई। आसपास की दुकानों और जगहों पर भी इसका असर देखने को मिला। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने बड़े स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया।

दिल्ली फायर सर्विस की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, आग बुझाने के लिए शुरुआत में 22 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था। बाद में राहत और बचाव कार्य के लिए अतिरिक्त संसाधन भी लगाए गए। घटनास्थल पर पानी के टैंकर और रात के समय काम करने के लिए लाइटिंग की व्यवस्था की गई। इसके अलावा, मेडिकल सहायता के लिए 3 CAT एंबुलेंस और पुलिस की 2 PCR गाड़ियां भी तैनात की गईं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

दिल्ली की बिजी मार्किट है गफ्फार

घटना के बीच राहत की सबसे बड़ी बात यह है कि अभी तक किसी व्यक्ति के घायल होने या मौत की सूचना नहीं मिली है। शुरुआती जानकारी में संपत्ति के नुकसान की बात सामने आई है। आग की चपेट में दुकान के साथ इमारत का भी काफी हिस्सा आया है।

गफ्फार मार्केट दिल्ली का एक बिजी मार्किट है, जहां मोबाइल फोन, मोबाइल एक्सेसरीज और इलेक्ट्रॉनिक सामान की कई दुकानें मौजूद हैं। ऐसे में इस घटना से आसपास के कारोबारियों को भी नुकसान होने की आशंका है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान हो सकता है। लेकिन, नुकसान का सही पता जांच के बाद ही सामने आएगा।

मोबाइल बैटरियों से लगी आग!

फिलहाल आग लगने की असली वजह का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच में ये आशंका जताई जा रही है कि दुकान में रखी मोबाइल बैटरियों के गर्म होने या ओवरचार्जिंग की वजह से आग लगी हो सकती है। लेकिन, अभी इस वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए फायर विभाग और इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर जांच करेंगे। इसके साथ ही FSL की टीम इमारत में मौजूद ज्वलनशील सामान की भी जांच करेगी। इससे यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि आग किस वजह से लगी और इतनी तेजी से कैसे फैल गई।

घटना के बाद इमारत की सुरक्षा की भी जांच की जाएगी। इसके लिए MCD से बिल्डिंग की जांच कराने को कहा गया है। इस दौरान देखा जाएगा कि इमारत कितनी सुरक्षित है और उसका निर्माण नियमों के अनुसार हुआ है या नहीं।

यह भी पढ़ें: जनकपुरी में फर्जी इंश्योरेंस कॉल सेंटर का पर्दाफाश, 43 लोग पकड़े गए

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।