डेटिंग ऐप पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर बिजनेसमैन को हनीट्रैप के जाल में फंसाया

Summary :

South-West District Crime News : डेटिंग ऐप पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर बिजनेसमैन को हनीट्रैप के जाल में फंसाने और बाद में उनका मोबाइल चोरी कर बैंक खाते से 1.30 लाख रुपये उड़ाने के मामले में साउथ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट की साइबर थाना पुलिस ने दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। महिला आरोपियों की पहचान ज्योत्सना (26) ने और मानसी (21) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, एक आरोपी ने फर्जी पहचान से डेटिंग ऐप प्रोफाइल बनाई थी, जबकि उसकी साथी ने प्रोफाइल होल्डर बनकर बुजुर्ग से मुलाकात की। आरोपियों ने कथित तौर पर चोरी किए गए मोबाइल से यूपीआई के…

South-West District Crime News : डेटिंग ऐप पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर बिजनेसमैन को हनीट्रैप के जाल में फंसाने और बाद में उनका मोबाइल चोरी कर बैंक खाते से 1.30 लाख रुपये उड़ाने के मामले में साउथ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट की साइबर थाना पुलिस ने दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। महिला आरोपियों की पहचान ज्योत्सना (26) ने और मानसी (21) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, एक आरोपी ने फर्जी पहचान से डेटिंग ऐप प्रोफाइल बनाई थी, जबकि उसकी साथी ने प्रोफाइल होल्डर बनकर बुजुर्ग से मुलाकात की। आरोपियों ने कथित तौर पर चोरी किए गए मोबाइल से यूपीआई के जरिए बुजुर्ग के दो बैंक खातों से रकम ट्रांसफर की। पुलिस ने दोनों के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

डीसीपी अमित गोयल के मार्गदर्शन में एडिशनल डीसीपी अभिमन्यु पोसवाल की देखरेख में एसीपी ऑपरेशन संदीप और एसएचओ प्रवेश कौशिक के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर नीरज और हेड कांस्टेबल संदीप की टीम ने यह कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, 67 वर्षीय बुजुर्ग बिजनेसमैन शिकायतकर्ता की मुलाकात एक महिला से डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी।

इसके बाद दोनों के बीच टेलीग्राम पर बातचीत होने लगी। बातचीत आगे बढ़ने के बाद 20 और 24 जुलाई को दोनों की मुलाकात हुई। 24 जुलाई को शिकायतकर्ता डिफेंस कॉलोनी स्थित एक रेस्टोरेंट में दोनों महिलाओं के साथ डिनर करने पहुंचे। खाना खाने के बाद लौटते समय उनका मोबाइल फोन चोरी हो गया। इसके कुछ ही समय बाद उनके दो बैंक खातों से बिना अनुमति 1.30 लाख रुपये यूपीआई के जरिए ट्रांसफर कर दिए गए। मामले में 25 जुलाई को साइबर थाने में ई-एफआईआर दर्ज की गई।

सीसीटीवी और बैंक ट्रेल से खुला राज

पुलिस टीम ने बैंकिंग ट्रेल, लाभार्थी खातों, केवाईसी दस्तावेज और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि रकम पहले एक आरोपी के खाते में पहुंची और बाद में उसकी साथी के खाते में ट्रांसफर की गई। इसमें से करीब 90 हजार रुपये एटीएम से निकाले गए। सीसीटीवी फुटेज में दो महिलाएं रकम निकालती नजर आईं, जिसके आधार पर पुलिस ने उनकी पहचान की।

पूछताछ में पुलिस को कथित तौर पर पता चला कि ज्योत्सना ने फर्जी डेटिंग ऐप प्रोफाइल बनाई थी, जबकि मानसी ने खुद को उसी प्रोफाइल की महिला बताकर बुजुर्ग से मुलाकात की। जांच में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए मोबाइल को बाद में कथित तौर पर नष्ट कर दिया गया था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Sumant Chaudhary