नई दिल्ली : पीएम नरेंद्र मोदी ने लोकसभा और असेंबली चुनावों को एक साथ कराने का जो विचार सामने रखा था, उस विचार को बीजेपी ने आगे बढ़ाने का काम शुरू कर दिया है। इस सिलसिले में बीजेपी से जुड़ा संगठन रामभाऊ महल्गी प्रबोधिनी आगामी 20-21 जनवरी को मुंबई में 2 दिन का सेमिनार आयोजित करने जा रहा है, जिसमें राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि के साथ-साथ विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग भी शामिल होंगे। यह जानकारी बीजेपी के उपाध्यक्ष, सासंद आैर आईसीसीआर के अध्यक्ष विनय सहस्रबुद्धे ने दी।
सहस्रबुद्धे ने आम चुनाव के साथ ही विधानसभाओं के चुनाव को देश में होने वाले सारे सुधारों की जननी करार दिया। उनका कहना था कि आजादी के बाद से देश ने लोकतंत्र को लेकर तमाम सुधारों को होते देखा है, लेकिन एक देश, एक चुनाव इस दिशा में सभी सुधारों की जननी साबित होगा। उल्लेखनीय है कि सहस्रबुद्धे प्रबोधिनी से भी जुड़े हैं, वह संस्था के उपाध्यक्ष हैं।
उनका कहना था कि अगर देश में एक साथ चुनाव होते हैं तो देश में चुनाव से जुड़ी तमाम चुनौतियों से निपटा जा सकता है। इस सेमिनार के बारे में जानकारी देते हुए सहस्रबुद्धे ने कहा कि देश की संसदीय समिति व नीति आयोग द्वारा एक साथ चुनाव के पक्ष में विचार व्यक्त करने के बाद हमारी कोशिश इस विचार को मंथन के अगले स्तर पर ले जाने की है।
इस मंथन में तमाम स्टेक होल्डर्स के आने से इस में कोई ठोस संकेत उभर कर आएगा। इस सेमिनार में तमाम स्टेक होल्डर्स को बुलाया गया है, इनमें कांग्रेस सहित तमाम दलों को न्योता भेजा गया है। हालांकि अभी तक जिनका आना तय माना रहा है, उनमें जेडीयू के केसी त्यागी, बीजेडी के बैजयंत पांडा, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर, नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार शामिल हैं।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



