कोरोना काल में अपनी पिकेट में ड्यूटी कर रहे पुलिस कांस्टेबल पर 42 वर्षीय एक व्यक्ति ने कार चढ़ा दी और उन्हें 40 मीटर तक घसीटता ले गया। दक्षिण पश्चिम दिल्ली के वसंत विहार इलाके में हुई इस घटना में सिपाही की मौत हो गई। मृतक सिपाही की पहचान मुंशी लाल (57) के तौर पर हुई है।
पुलिस ने कहा कि दुर्घटना सुबह करीब चार बजे अल-कौसर जांच चौकी पर हुई जब आरोपी समित यादव अस्पताल में कोविड-19 से पीड़ित अपनी पत्नी से मिलकर लौट रहा था और उसे झपकी आ गई। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण पश्चिम) इंगित प्रताप सिंह ने कहा, ‘‘वाहन होंडा सीआरवी लॉकडाउन सुनिश्चित करने के लिए पुलिसकर्मियों की खातिर बने टेंट में घुस गया और लाल को 30 से 40 मीटर घसीटता चला गया।’’
उन्होंने कहा कि सिपाही को एम्स के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने बताया कि आईटी सेक्टर में काम करने वाले मुनिरका निवासी यादव को घटनास्थल पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। डीसीपी ने कहा कि उसने पुलिस को बताया कि गुड़गांव में मैक्स अस्पताल में भर्ती अपनी पत्नी से मिलकर लौटते समय उसे झपकी आ गई।


Download Android App
Download iOS App



