असम में आज से शुरू नहीं हो सका 18+ लोगों का टीकाकरण, केंद्र द्वारा नहीं मिली पर्याप्त कोरोना वैक्सीन

Summary :

केंद्र से कोविड-19 टीके की खुराक नहीं मिलने की वजह से असम में शनिवार को टीकाकरण के तीसरे चरण के तहत 18 से 44 वर्ष आयुवर्ग के लोगों को टीका लगाने का अभियान शुरू नहीं हो सका।

केंद्र से कोविड-19 टीके की खुराक नहीं मिलने की वजह से असम में शनिवार को टीकाकरण के तीसरे चरण के तहत 18 से 44 वर्ष आयुवर्ग के लोगों को टीका लगाने का अभियान शुरू नहीं हो सका। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी। एनएचएम के निदेशक एस लक्षमण ने बताया, ‘‘टीकाकरण का तीसरा चरण युवाओं को टीका लगाने के राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा है। हम भारत सरकार से टीके की निर्धारित संख्या में खुराक मिलते ही इसे शुरू कर देंगे।’’
उन्होंने सूचित किया कि केंद्र सरकार ने 18 साल से अधिक उम्र के लोगों के टीकाकरण के लिए पांच लाख खुराक स्वीकृत की है और उन्हें प्राप्त करने की प्रक्रिया चल रही है। असम के स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने ट्वीट किया,‘‘असम को भारत सरकार से पांच लाख (3,71,480 खुराक कोविशील्ड की और 1,28,830 खुराक कोवैक्सीन की) से अधिक कोविड-19 टीके की खुराक मिलेगी। हम असम आरोग्य निधि के जरिये इन्हें तत्काल प्राप्त कर रहे हैं।’’

सरमा ने कहा, ‘‘हमारा टीकाकरण सभी नागरिकों के लिए मुफ्त है।’’ एनएचएम निदेशक ने कहा कि 44 साल से अधिक उम्र के लोगों को टीका लगाने की चल रही प्रक्रिया असम में जारी है। लक्षमण ने बताया कि असम में अबतक 24,66,321 लोगों का टीकाकरण हुआ है।

Desk Team