New Delhi Crime News : पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए चोरी की कार से नंबर प्लेट हटाकर दिल्ली की सड़कों पर बेखौफ घूम रहे एक शातिर वाहन चोर को मोती नगर थाना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई हुंडई एक्ससेंट (रैपिडो से संबद्ध वाहन) भी बरामद कर ली गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ने वाहन की पहचान छिपाने और सीसीटीवी कैमरों व पुलिस जांच से बचने के लिए कार की नंबर प्लेट निकाल दी थी। यह कार्रवाई डीसीपी पश्चिम जिला हरेश्वर वी. स्वामी के निर्देशन, एसीपी पंजाबी बाग जय प्रकाश की निगरानी तथा एसएचओ इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई को मोती नगर थाने में हुंडई एक्ससेंट कार चोरी होने की ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। मामला दर्ज होते ही बीट स्टाफ को जांच में लगाया गया। टीम ने तकनीकी निगरानी, स्थानीय मुखबिरों से मिली सूचना और क्षेत्र में लगातार गश्त के जरिए आरोपी की तलाश शुरू की। अगले ही दिन पुलिस ने विनय हांडा (45), निवासी तिलक नगर को दबोच लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई कार बरामद कर ली गई। जांच में सामने आया कि आरोपी कार से नंबर प्लेट हटाकर उसे दिल्ली में चला रहा था, ताकि वाहन की पहचान न हो सके और पुलिस उसे ट्रैक न कर पाए।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने मामले में पहचान छिपाने और सबूत मिटाने से संबंधित धाराएं भी जोड़ दी हैं। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि बीट पुलिसिंग को और प्रभावी बनाया जा रहा है, जिससे वाहन चोरी जैसी वारदातों पर तेजी से अंकुश लगाया जा सके। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि आरोपी किसी बड़े वाहन चोरी गिरोह से जुड़ा है या नहीं।



Download Android App
Download iOS App




