PMO का फर्जी अफसर बनकर मंत्री पर बनाया दबाव! अब कोर्ट ने AAI अधिकारी और सुरक्षाकर्मी को दे दिया बड़ा झटका

Summary :

Fake PMO Official Case: दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने पीएमओ के प्रधान सचिव की हूबहू नकल कर महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री पर दबाव बनाने के मामले में एएआई के एजीएम देबी सिंह राणा और सुरक्षाकर्मी अशोक कुमार की जमानत याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने कहा कि जांच अहम चरण में है और कई आरोपी अभी भी फरार हैं।

Fake PMO Official Case: दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के प्रधान सचिव की हूबहू नकल कर महाराष्ट्र सरकार के एक मंत्री पर दबाव बनाने के मामले में दो आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर दी है। कोर्ट ने कहा कि इस मामले की जांच अभी जारी है और इस समय आरोपियों को राहत देना सही  नहीं होगा। जिन लोगों की जमानत याचिका खारिज हुई है, उनमें एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) के सहायक महाप्रबंधक (एजीएम) देबी सिंह राणा और केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा में तैनात अशोक कुमार शामिल हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, स्पेशल जज  (पीसी एक्ट) विद्या प्रकाश ने अपने आदेश में कहा कि मामले की जांच अभी बेहद महत्वपूर्ण चरण में है। जांच एजेंसी अभी कई पहलुओं की पड़ताल कर रही है और कुछ अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। ऐसे में अगर इस समय आरोपियों को जमानत दे दी जाती है तो जांच पर असर पड़ सकता है। साथ ही सबूतों  के साथ छेड़छाड़ या गवाहों को प्रभावित करने की आशंका भी बनी हुई है। कोर्ट ने इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए दोनों आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर दी।

मनचाही पोस्टिंग दिलाने का है मामला

जांच में सामने आया है कि महाराष्ट्र के डिप्टी कलेक्टर मधुसूदन बारगे को उनकी पसंद की पोस्टिंग दिलाने के लिए पूरी योजना बनाई गई थी। साथ ही उनके खिलाफ चल रही प्रशासनिक कार्रवाई को भी रुकवाने की कोशिश की गई। जांच एजेंसी के अनुसार, बारगे को अंधेरी में डिप्टी कलेक्टर या फिर भिवंडी में उप मंडल अधिकारी (एसडीओ) के पद पर तैनात कराने की कोशिश की जा रही थी। इसके लिए  बड़े व प्रभावशाली लोगों का सहारा लेने की  साजिश रची गई।

जांच एजेंसी के अनुसार,  सबसे पहले मधुसूदन बारगे ने मयूर सनस से संपर्क किया। इसके बाद मयूर सनस ने भंवर सिंह के जरिए अशोक कुमार तक बात पहुंचाई। आगे चलकर अशोक कुमार ने यह जिम्मेदारी देबी सिंह राणा को सौंपी। आरोप है कि इस काम को पूरा कराने के बदले देबी सिंह राणा को 10 लाख रुपये देने का वादा भी किया गया था। जांच एजेंसी इस पूरे लेन-देन और सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

PMO के प्रधान सचिव का नाम लेकर बनाया गया दबाव

जांच में यह भी आरोप सामने आया है कि प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रधान सचिव की हूबहू नकल  कर महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री पर दबाव बनाने की कोशिश की गई।  ऐसा माहौल बनाया गया ताकि अधिकारी की पसंद के अनुसार पोस्टिंग कराई जा सके और उनके खिलाफ चल रही कार्रवाई को रोका जा सके।

अगर जांच में ये आरोप सही साबित होते हैं तो यह सरकारी पद और प्रभाव का गलत इस्तेमाल करने का गंभीर मामला माना जाएगा। फिलहाल जांच एजेंसी इस मामले में जुड़े सभी लोगों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है। फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है।

यह भी पढ़ें: संसद के मॉनसून सत्र में नहीं आएगा ‘एक देश, एक चुनाव’ बिल, JPC को मिला शीतकालीन सत्र तक का वक्त

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।