Delhi Crime News : राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को दो अलग-अलग इलाकों में हत्या की वारदातों से सनसनी फैल गई। रोहिणी जिले के कंझावला थाना क्षेत्र में बदमाशों ने 27 वर्षीय युवक हरीश की गोलियां मारकर हत्या कर दी, जबकि शाहदरा जिले के जगतपुरी थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी कोमल (50) की कैंची से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों मामलों में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, हरीश कराला गांव में अपने परिवार के साथ रहता था। गुरुवार देर रात वह घर लौट रहा था, तभी रास्ते में हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल हरीश को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक युवक को दो से तीन गोलियां लगी थीं। मृतक की पत्नी ने बताया कि वारदात के समय वह हरीश से वीडियो कॉल पर बात कर रही थीं। इसी दौरान किसी अन्य युवक ने कॉल काट दी। कुछ देर बाद उन्हें हरीश को गोली लगने की सूचना मिली।
पत्नी का कहना है कि पिछले दो दिनों से हरीश घर से बाहर नहीं निकल रहे थे और केवल रात के समय ही बाहर जाते थे। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हरीश के खिलाफ पहले से दो-तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश के चलते हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
जगतपुरी: घरेलू विवाद ने ली महिला की जान
शाहदरा जिले के जगतपुरी थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते कमल नामक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी कोमल की कैंची घोंपकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। रात करीब नौ बजे उनका बेटा गौरव घर पहुंचा तो उसने अपनी मां को खून से लथपथ फर्श पर पड़ा देखा। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को मृत पाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गौरव की शिकायत पर जगतपुरी थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
शुरुआती जांच में सामने आया कि कमल और कोमल दोनों घर पर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाते थे। उनका बेटा मेडिकल क्षेत्र में एमडी की तैयारी कर रहा है, जबकि बेटी जर्मन भाषा की शिक्षिका है। पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ दिनों से लगातार विवाद चल रहा था। फिलहाल आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।



Download Android App
Download iOS App




