नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा है कि आम आदमी पार्टी एवं कांग्रेस दोनों ही सीलिंग के मुद्दे पर नित नई नौटंकी कर व्यापारियों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। तीनों नगर निगमों के संयुक्त सत्र में इन दोनों दलों आप एवं कांग्रेस ने सीलिंग रोकने के लिए लाए गए विशेष समाधान प्रस्ताव को बाधित करने का प्रयास किया पर जब रोक नहीं पाये तो मीडिया बयानबाजी कर ऐसा दर्शाने की कोशिश की कि मानों यही व्यापारियों के संरक्षक हों।
एक नई नौटंकी करते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने सांसदों, विधायकों एवं पार्षदों से कल सीलिंग मुद्दे पर संसद मार्च करवा रहे हैं। दिल्ली की जनता एवं व्यापारी भली भांति जानते हैं की यदि केजरीवाल सरकार समय पर अनधिकृत कॉलोनियों का नियमितिकरण करने के साथ ही लाल डोरा विस्तार एवं लैंड पूलिंग को स्वीकृति दे देती तो समस्या का बड़ा भाग आज काबू में होता।
इसी तरह सरकार ने 351 सड़कों के नोटिफिकेशन को लटका कर भी व्यापारियों पर तलवार लटका रखी है। मनोज तिवारी ने कहा है कि केजरीवाल एवं कांग्रेस दोनों ही सीलिंग के मुद्दे का अंत नहीं चाहते कयोंकि दोनों दल इसके सहारे आगामी विधानसभा चुनावों में राजनीतिक लाभ उठाना चाहते हैं।
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अखबार।


Download Android App
Download iOS App



