Delhi Assembly Monsoon Session : दिल्ली विधानसभा मानसून सत्र के दौरान एक बार फिर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की भाजपा सरकार पर कथित रूप से साइकिल घोटाले का आरोप लगाते हुए शिक्षा मंत्री आशीष सूद का इस्तीफा मांगा है। इसके लिए आप के विधायकों ने साइकिल और सफेद टी-शर्ट पहनकर दिल्ली विधानसभा पहुंचे। आप का आरोप है कि भाजपा सरकार ने जो साइकिल 6957 रुपए में खरीदी थी, आप विधायक वही साइकिल 4200 रुपए में खरीद कर विधानसभा पहुंचे। पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने साइकिल से विधानसभा के लिए निकले विधायकों का नेतृत्व किया।
इस दौरान विधायकों ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारे भी लगाए। भारद्वाज ने आरोप लगाया कि स्कूली छात्राओं में बांटी गई साइकिलों में आशीष सूद के विभाग ने 90 करोड़ रुपए का घोटाला किया। हमने जो साइकिलें खरीदी हैं और सरकार ने छात्राओं को साइकिलें दी हैं, दोनों ही बोनफायर मॉडल की है, लेकिन सरकार उस पर स्काइलर लिखकर दे रही है। उन्होंने कहा कि ये हीरो कंपनी की साइकिलें हैं और बिल्कुल वैसी ही साइकिल है, जैसी दिल्ली सरकार के शिक्षा मंत्री का विभाग स्कूल की लड़कियों को बांट रहा है। इन दोनों साइकिलों में सिर्फ दो ही फर्क हैं। पहला फर्क कीमत का है।
हमने इन्हें एक रिटेलर से 4200 रुपए प्रति साइकिल खरीदा है, जबकि दिल्ली सरकार ने 1 लाख 30 हजार साइकिलें खरीदी हैं और प्रत्येक साइकिल के लिए 6957 रुपए दिए हैं। यानी दिल्ली सरकार ने एक साइकिल लगभग 3000 रुपए महंगी खरीदी है। दूसरा फर्क साइकिल के मॉडल का है। हमने जो साइकिल खरीदी हैं, उन पर बोनफायर मॉडल लिखा है। दिल्ली सरकार जो साइकिल दे रही है, वह भी बोनफायर ही है, बस उस पर स्काइलर लिखकर दिया जा रहा है।
सरकार पूरी तरह से धोखेबाज और भ्रष्ट है- संजीव झा
इस दौरान बुराड़ी से विधायक संजीव झा ने कहा कि हम सदन में भाजपा सरकार के एक और घोटाले यानी साइकिल घोटाले का पर्दाफाश करने आए हैं। हैरत की बात यह है कि टेंडर प्रक्रिया में हीरो साइकिल कंपनी भी शामिल थी, लेकिन उसे टेंडर नहीं मिला और एक व्यापारी को टेंडर मिल गया। अगर कोई व्यापारी निर्माता कंपनी से सस्ती साइकिल दे रहा है, तो यह साफ है कि इसमें मिलीभगत थी। मंत्री सूद और उनके मंत्रालय ने मिलकर 90 करोड़ रुपए गटक लिए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा लगातार दवा, साइकिल, चावल और चंदे की चोरी कर रही है। वहीं, कोंडली विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि यह सरकार पूरी तरह से धोखेबाज और भ्रष्ट सरकार है। उधर, तिलक नगर विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि भाजपाइयों के भ्रष्टाचार का लालच इतना बढ़ चुका है कि वे अब बच्चियों की साइकिल तक में घोटाले कर रहे हैं।



Download Android App
Download iOS App




